सीढिय़ों के नीचे क्या रखना चाहिए? इन वास्तु टिप्स का रखेंगे ख्याल तो घर की एनर्जी रहेगी पॉजिटिव

अगर घर वास्तु अनुसार हो तो वहां वास्तु दोष नहीं लगता है और परिवार के भाग्य में भी वृद्धि हो सकती है। वास्तुशास्त्र में सीढिय़ों का खास महत्व बताया गया है। अगर सीढिय़ां वास्तु अनुकूल न हो तो इससे वास्तु दोष लग सकता है। ऐसे में परिवार को घर से जुड़ी समस्याओं, धन की हानि, बाधाओं आदि परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। यही कारण है की सीढिय़ों का सही दिशा में होना आवश्यक होता है। लेकिन अगर सीढिय़ां गलत दिशा में बन गई हों या आप इसके नीचे के स्थान को प्रयोग में लाना चाहते हैं तो उसके लिए कुछ वास्तु टिप्स को आजमा सकते हैं। जिस दिशा में सीढ़ी बनी हो उसी के अनुसार उसके नीचे कुछ चीजें रखना शुभ माना जाता है और इससे वास्तु दोष कम हो सकता है। आइए विस्तार से जानें की सीढिय़ों के नीचे क्या-क्या रख सकते हैं।
सीढिय़ां ईशान कोण में हो तो नीचे रखें ये चीजें- वास्तुशास्त्र के अनुसार, घर में ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में सीढिय़ों का होना शुभ नहीं माना जाता है। यह दिशा जल तत्व से संबंधित होती है। ऐसे में इस स्थान का वास्तु दोष कम करने के लिए आप जल से संबंधित चीजें सीढिय़ों के नीचे रख सकते हैं। इसके लिए वॉटर फाउंटेन और पौधे भी रख सकते हैं। लेकिन इसके लिए चीनी मिट्टी के गमलों का ही प्रयोग करें। मिट्टी के गमले भारी होते हैं और उसकी मिट्टी झड़ती रहती है। वास्तु के अनुसार, ईशान कोण हमेशा हल्का और साफ सुथरा होना चाहिए। ऐसे में इस स्थान पर छोटे चीनी मिट्टी के गमले में पौधे लगाकर रखें। इसके अलावा, कांच की बोतल में पानी भरकर भी आप पौधे लगा सकते हैं।
दक्षिण-पूर्व और दक्षिण दिशा में सीढिय़ां हो तो नीचे रखें ये चीजें
आग्नेय कोण में सीढिय़ां होना वास्तु के अनुसार सही माना जाता है। दक्षिण-पूर्व दिशा को अग्नि से संबंधित माना गया है ऐसे में इस दिशा में मौजूद सीढिय़ों के नीचे आप अग्नि तत्व से जुड़ी चीजें रख सकते हैं। यहां इवेंटर, वस्त्र प्रेस करने का स्थान, गैस सिलेंडर आदि रख सकते हैं। इसके अलावा, वास्तु अनुसार आग्नेय कोण में सीढिय़ों के नीचे बड़े गमले में बड़े पौधे लगाकर रख सकते हैं। इससे आसपास की एनर्जी संतुलित बनी रहती है। वहीं, वास्तु अनुसार दक्षिण दिशा में भारी वस्तुएं रखनी चाहिए। ऐसे में आप यहां भी बड़े गमले, मीटर रूम या इनवर्टर रख सकते हैं।
उत्तर और पूर्व दिशा में सीढिय़ां हो तो ये चीजें करें प्रयोग
अगर घर में सीढिय़ां उत्तर दिशा में बनी हों तो इसे वास्तु के अनुसार अच्छा नहीं माना जाता है इससे वास्तु दोष उत्पन्न हो सकता है। यह दिशा भी जल तत्व से संबंधित होती है। उत्तर दिशा में हल्की चीजें रखनी चाहिए। ऐसे में आप सीढिय़ों के नीचे के स्थान को खाली छोड़ सकते हैं। लेकिन अगर वहां कुछ रखना चाहते हैं तो छोटा फिश एक्वेरियम, चीनी मिट्टी के छोटे गमलों में पौधे आदि रख सकते हैं। इससे ऊर्जा का संतुलन बना रहता है और वास्तु दोष कम होता है। पूर्व दिशा में भी सीढिय़ों का होना वास्तु दोष माना गया है। वास्तु के अनुसार पूर्व दिशा वायु तत्व से संबंधित होती है। ऐसे में इस स्थान को हमेशा हल्का रखना चाहिए। ऐसे में सीढिय़ों के नीचे के स्थान को खाली रखना सबसे उत्तम माना गया है। इस स्थान का प्रयोग करने के लिए यहां भी आप छोटे इंडोर प्लांट्स लगा सकते हैं।
दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम व उत्तर-पश्चिम दिशा में सीढिय़ां हो तो रखें ये चीजें
वास्तु के अनुसार, नैऋत्य कोण यानी दक्षिण पश्चिम दिशा में सीढिय़ों का होना शुभ माना जाता है। इस स्थान पर भारी सामान रखना सबसे उत्तम माना गया है। ऐसे में यहां सीढिय़ों के नीचे बड़े गमले वाले बड़े इंडोर प्लांट्स लगा सकते हैं। इससे घर का माहौल सकारात्मक बना रहता है। इसके अलावा, अगर पश्चिम दिशा में सीढिय़ां हो तो इसके नीचे आप बैंबू प्लांट, बड़ा फिश एक्वेरियम आदि रख सकते हैं। इस दिशा के स्वामी वरुण देव हैं। ऐसे में इस स्थान को वास्तु अनुकूल रखने से घर में समृद्धि, खुशहाली और शांति बनी रहती है। अगर सीढिय़ां उत्तर-पश्चिम यानी वायव्य कोण में हो तो इसके नीचे आप छोटे से मीडियम साइज के गमले रख सकते हैं। इसके अलावा, गैस सिलेंडर, प्रेस के स्थान के लिए भी इस जगह को प्रयोग किया जा सकता है।









