16 विभागों को एक साथ लाए, किसानों की आय बढ़ाने के लिए रोडमैप तैयार : सीएम

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इंदौर से किया राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ, खेती के हित और किसानों के कल्याण के लिए की अनेक घोषणाएं की
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को इंदौर में राज्य स्तरीय बलराम कृषि महोत्सव का शुभारंभ किया। सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में समर्पित किया है। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, एमएसएमई, राजस्व, ऊर्जा सहित 16 विभागों को एक साथ लाकर किसानों के समग्र विकास का अभियान प्रारंभ किया गया है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए रोडमैप तैयार किया है।
यह महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक तकनीक उपलब्ध कराने, प्रसंस्करण, विपणन और रोजगार से जोडऩे का व्यापक अभियान है, जो अब पूरे प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों में आगामी 13 नवंबर तक अनेक आयोजन होंगे और खेती-किसानी पर आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इंदौर में 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को इंदौरवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की एक बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा लगभग 83.13 करोड़ की लागत से निर्मित 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया।
धार रोड स्थित लगभग 3.40 एकड़ भूमि पर निर्मित यह जी 4 मंजिला अस्पताल भवन लगभग 2 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल इंदौर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।









