Popup Image

सहकारी संस्थाओं और बैंकों के चुनाव एक साल टले, 2027 युवा वर्ष घोषित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मध्यप्रदेश में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) और जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक साल के लिए टाल दिए गए हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

नई पैक्स समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया के चलते यह फैसला लिया गया है। पैक्स के प्रतिनिधि ही जिला सहकारी बैंकों के चुनाव में मतदाता होते हैं, इसलिए बैंक चुनाव भी अब पैक्स चुनाव के बाद होंगे। कैबिनेट ने नौ जिला सहकारी बैंकों को अंश पूंजी देने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। इसके अलावा सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और आगामी दो साल की रणनीति तय करने के लिए 2 दिसंबर को अधिकारियों का नीति चिंतन और 21-22 दिसंबर को मंत्रियों-विधायकों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा।

Advertisement

कैबिनेट बैठक के बाद एमएसएमई मंत्री चैतन्य कुमार काश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। पिछले साल 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी पाने वाले छह जिला सहकारी बैंकों में से बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच बैंकों को 25-25 करोड़ रुपए अतिरिक्त दिए जाएंगे। इनमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर शामिल हैं। वहीं रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के चार नए जिला सहकारी बैंकों को 50-50 करोड़ रुपए की अंश पूंजी दी जाएगी।

2 दिसंबर को अफसरों का नीति चिंतन होगा
सरकार के तीन साल के कामकाज की समीक्षा और 2047 तक विकसित मध्यप्रदेश बनाने के विजन पर 2 दिसंबर को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों का नीति चिंतन होगा। इसमें आठ सत्र होंगे। इसके निष्कर्षों के आधार पर 21 और 22 दिसंबर को मंत्रियों और विधायकों का चिंतन शिविर होगा। इसमें सरकार के अगले दो साल की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

Advertisement

बिजली के लिए 193 करोड़ रुपए मंजूर
ग्रामीण क्षेत्रों में 20 से अधिक घरों वाली आबादी के 1,834 मजरों-टोलों के 46,500 घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए 193 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हिस्सेदारी रहेगी। 20 से कम घरों वाली छोटी बस्तियों और मोहल्लों का विद्युतीकरण राज्य सरकार अपने खर्च पर करेगी।

खनिज राजस्व बढ़ाकर 30 हजार करोड़ किया
प्रदेश में खनिज रॉयल्टी से वर्तमान में 12,170 करोड़ रुपए की आमदनी होती है। इसे बढ़ाकर 30 हजार करोड़ रुपए करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटकर खनिज निगम लिमिटेड के माध्यम से नया सर्वे कराया जाएगा। पुराने आंकड़ों का भी विश्लेषण होगा। नई खदानों के विकास पर हर साल 70 से 80 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

2027 युवा वर्ष, अब साल में दो बार होगी पीएससी परीक्षा

प्रदेश में वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसके तहत मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। इसके लिए परीक्षा कैलेंडर भी जारी किया गया है। भोपाल के नाथू बरखेड़ा में 1,000 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पहले चरण का शुभारंभ भी हो गया है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें