Popup Image

यूपी में दर्दनाक हादसा, ताजमहल से लौट रहे बच्चों की बस बनी हादसे का शिकार

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे एक ट्रक ने स्कूली बस को टक्कर मार दी, जिसमें 4 बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हो गए. यह हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर पर हुआ. जानकारी के अनुसार, आगरा से स्कूली बच्चों को पिकनिक पर लेकर बस कौशांबी गई थी. मंगलवार को सभी बच्चे वापस लौट रहे थे. इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर बस खड़ी थी, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के समय बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे.

Advertisement

कन्नौज में कैसे हुआ यह हादसा
बताया जा रहा है कि कौशांबी के सिराथू में आने वाले ओरिएंट पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर आगरा-मथुरा टूर पर गई थी. सोमवार को ताजमहल का दीदार करने के बाद स्कूली बच्चों को यह गाड़ी लेकर मंगलवार सुबह कौशांबी लौट रही थी. बस में करीब 50 छात्र और 6 शिक्षक सवार थे, सुबह करीब 5 बजकर 45 मिनट पर कन्नौज के इलाके में छात्रों को बाथरूम कराने के लिए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था.

इसी दौरान पीछे से आगरा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में अफरा-तफरी मच गई. चीख-पुकार मच गई और कई बच्चे बस के अंदर ही फंस गए. एक घायल छात्र ने बताया कन्नौज के इलाके में छात्रों को बाथरूम कराने के लिए बस रुकी थी. इसी दौरान पीछे से एक ट्रक ने बस को टक्कर मारी.

Advertisement

चार बच्चों की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक चार बच्चों की इस घटना में मौत हुई है, जबकि 25 बच्चे घायल हैं. घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हादसे की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. हादसे के बाद पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कौशाम्बी से लगभग 50 छात्रों और स्टाफ को लेकर आ रही एक स्कूल बस मथुरा से लौट रही थी. सुबह करीब 5 बजकर 45 मिनट पर यह हादसा हुआ है. तिरवा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया. स्कूल के प्रिंसिपल और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि मामूली रूप से घायल  बच्चों का इलाज तिरवा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.

Advertisement

इस घटना के दौरान सुरक्षित रहे बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहन की व्यवस्था करके घर भेजा जा रहा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के परिजन भी परेशान हैं, जिन्हें जानकारी दी जा रही है.

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें