सेवाधाम आश्रम से भागे 3 बच्चे लौटे, इंदौर से लेकर आई पुलिस

सुधीर भाई बोले- खुले वातावरण में रहना चाहते थे इसलिए चले गए थे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अंबोदिया स्थित सेवाधाम आश्रम से पिछले दिनों आश्रम के मेन गेट का ताला खोलकर भागे तीन बच्चों को मंगलवार को भैरवगढ़ पुलिस इंदौर से लेकर आई और आश्रम संस्थापक के सुपुर्द कर दिए।
दरअसल, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12.30 बजे बौद्धिक दिव्यांगता के शिकार तीन बच्चे आश्रम के मेन गेट का ताला खोलकर भाग निकले थे। जब आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए तो बैग लेकर तीनों निकलते नजर आए थे। मामले में डायल 112 के साथ जीआरपी को भी सूचना की थी। मंगलवार को भैरवगढ़ पुलिस को उनकी लोकेशन इंदौर मिली जिसके बाद पुलिस टीम तीनों को इंदौर से सकुशल लेकर आई और आश्रम पहुंचाया।
टीआई आरएस शक्तावत ने बताया कि तीनों बच्चे गौरीनगर (इंदौर) में मिले। इधर, आश्रम के संस्थापक सुधीर भाई गोयल ने बताया कि बच्चों ने बताया कि वे खुले वातावरण में रहना चाहते थे इसीलिए चले गए थे। दो दिन से बच्चों ने कुछ खाया नहीं था और सड़कों पर रात बिताई। उन्हें खुद अपनी गलती का एहसास हुआ और वे वापस लौट आए। आश्रम आने पर भोजन करवाया और समझाइश भी दी। बच्चों ने विश्वास दिलाया कि अब कभी आश्रम ने भाग कर नहीं जाएंगे। इन बच्चों में एक 12 साल और एक 5 साल से आश्रम में रह रहा है।









