महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल के नाम पर 6 लाख रुपए की ठगी

फर्जी वेबसाइट के जरिए बुकिंग लेकर आधा दर्जन पर्यटकों से रुपए डलवाए

उज्जैन। इसी साल शुरू हुई महाराजवाड़ा हेरिटेल होटल के नाम पर 6 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। बदमाशों ने फर्जी वेबसाइट के माध्यम से वारदात की है। पिछले ढाई महीने में करीब आधा दर्जन पर्यटकों की बुकिंग कर उनसे एडवांस रुपए लिए गए हैं।
महाकालेश्वर मंदिर के समीप पुराने महाराजवाड़ा स्कूल में पर्यटन विकास निगम की हेरिटेज होटल की फर्जी वेबसाइट ठगों ने बना ली है, जिससे वे रूम बुक करने वाले पर्यटकों को ठग रहे हैं। स्वेट रूम बुक करने के बाद जब यहां पहुंचे तो पता चला कि उनके नाम से रूम बुक ही नहीं हुआ है। ढाई माह (1 जुलाई से 18 सितंबर) के भीतर छह से सात पर्यटक धोखाधड़ी के शिकार हो चुके हैं।
हेरिटेज होटल के प्रबंधक सतीश पिता उमाशंकर पाठक (57) ने गुरुवार शाम महाकाल थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन ठगों द्वारा अभी तक पांच से छह लाख रुपए की धोखाधड़ी पर्यटकों से की जा चुकी है। टीआई गगन बादल ने बताया कि सभी शिकायतें लेकर तकनीकी जांच कराई जा रही है।
पहले भी फर्जी वेबसाइट बंद करवाई थी: इसके पहले महाकाल मंदिर के भक्त निवास और सूर्यनारायण व्यास धर्मशाला के नाम पर कई बार रुम बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी हुई है। माधव सेवा न्याय पर भी ठगी हुई थी। जब घटनाएं बढ़ी तो करीब दो महीने पहले पुलिस ने ऐसी 7 फर्जी बेवसाइट बंद करवाई थी जो इन महाकाल मंदिर के मिलते-जुलते नाम पर थी और ठगी में उपयोग की जा रही थी।









