इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता का भूकंप, 5 की मौत; कई इमारतें गिरीं

इंडोनेशिया में शनिवार सुबह 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से भारी दहशत फैल गई। भूकंप के तेज झटकों के कारण कई इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त होकर गिर गईं। अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक उस समय सो रहे थे, तभी इमारतों का मलबा उनके ऊपर गिर गया।
भूकंप के बाद 5.9, 5.6 और 6.1 तीव्रता के कई आफ्टरशॉक भी महसूस किए गए। शुरुआती तौर पर कई तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की गई थी, जिसे कुछ घंटे बाद हटा लिया गया। प्रशासन ने लोगों से फिलहाल सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
समुद्र के नीचे था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे आया। इसका केंद्र एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर दूर समुद्र के नीचे करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के बाद एहतियातन कई अस्पतालों से मरीजों को बाहर निकाला गया। स्थानीय टीवी चैनलों की तस्वीरों में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी मरीजों को स्ट्रेचर पर अस्पताल से बाहर ले जाते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतें गिरती और क्षतिग्रस्त होती नजर आ रही हैं, जबकि बड़ी संख्या में लोग भूकंप के बाद घरों और इमारतों से बाहर निकलते दिखाई दिए।









