मध्यप्रदेश में सरकारी स्कूलों में बदलने जा रहा मध्याह्न भोजन का मेन्यू…

बच्चे को मिलेगा भुट्टे का कीस दाल-बाफला और रंगीन चपाती
एक जैसा खाना खाने की मजबूरी से मिलेगी निजात
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। एमपी के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों की थाली में सिर्फ दाल-रोटी और सब्जी ही नहीं, बल्कि भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दाल-पानिया और बाजरे की राबड़ी जैसे लजीज पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे।
बच्चों को रोज एक जैसा खाना खाने की मजबूरी से निजात दिलाने और उनके स्वाद को स्थानीय खानपान से जोडऩे के लिए सरकार ने मध्याह्न भोजन योजना के मेन्यू में बदलाव किया है। अब सप्ताह में कम से कम एक दिन बच्चों को उनके अंचल का पारंपरिक और पौष्टिक भोजन देना अनिवार्य होगा। बच्चों की थाली में हरी और गुलाबी चपाती भी नजर आएगी। पालक, मैथी, बथुआ और सहजन की पत्तियों से हरी चपाती, जबकि गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती तैयार की जाएगी।
स्थानीय खानपान से जोडऩे के लिए योजना के मेन्यू में बदलाव
तुअर महंगी हुई तो सेम बरबटी से बनेगी सब्जी
बाजार में खाद्य सामग्री की कीमतों के कारण मेन्यू प्रभावित न हो, इसके लिए रसोइयों को विकल्प दिए गए हैं। तुअर दाल या काबुली चना महंगा होने पर उसके स्थान पर समान पोषण देने वाले सस्ते विकल्प इस्तेमाल किए जा सकेंगे। इनमें बल्लर/सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल और सोया बड़ी शामिल हैं।
बनेगी रेसिपी बुक
प्रदेश के सभी स्कूलों में भोजन का स्वाद और गुणवत्ता एक जैसी रखने के लिए पोषण विशेषज्ञों की मदद से रेसिपी बुक तैयार की जाएगी। इसमें हर व्यंजन को बनाने की विधि, प्रति बच्चे के हिसाब से सामग्री की मात्रा और पकाने का समय दर्ज रहेगा।
पकाने के तरीके और स्वच्छता से जुड़े कई बदलाव- राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसमें भोजन की विविधता, पोषण स्तर, स्थानीय व्यंजनों, पकाने के तरीके और स्वच्छता से जुड़े कई बदलाव किए गए हैं।
अंचल के हिसाब से बदलेगा स्वाद, विद्यार्थियों से फीडबैक लिया जाएगा
मेन्यू तैयार करने में अब सिर्फ अधिकारियों की भूमिका नहीं होगी, बल्कि स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी उनकी पसंद के बारे में फीडबैक लिया जाएगा। एमपी के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को बच्चों के भोजन में शामिल किया गया है। मालवा में भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी और गेहूं की थूली मिलेगी, तो निमाड़ में दाल-पानिया और मक्का-ज्वार की भाकरी परोसी जाएगी।
विंध्य और महाकौशल में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी और कोदो-कुटकी के व्यंजन मेन्यू का हिस्सा होंगे। बुंदेलखंड में बेसन के चीले और महेरी, जबकि ग्वालियर-चंबल में बाजरे की राबड़ी और बेड़ई का स्वाद मिलेगा। भोपाल-नर्मदापुरम में दाल-बाफला, पंचमेल दाल और लापसी जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं।









