2021 में रिलीज होंगी ये फिल्म,पर्दे पर दिखेंगी असली कहानियां

By AV NEWS

बॉलीवुड में असली कहानियों पर फिल्में बनने का ट्रेंड फिर से जोर पकड़ रहा है। 2021 में भी कई ऐसी फ़िल्में देखने को मिलेंगी जो रियल लाइफ इवेंट्स पर बेस्ड होंगी।

द बिग बुल:8 अप्रैल 2021 को रिलीज होने जा रही इस फिल्म में अभिषेक बच्चन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वह फिल्म में स्टॉकब्रोकर हर्षद मेहता का किरदार निभाते दिखेंगे। फिल्म की कहानी 1992 में हुए स्टॉक मार्केट स्कैम पर आधारित होगी जिसमें करोड़ों रुपए का घोटाला सामने आया था। फिल्म में इलियाना डिक्रूज, राम कपूर, सुमित वत्स, सोहम शाह, निकिता दत्ता जैसे सितारे भी नजर आएंगे।

बेल बॉटम:इस स्पाई थ्रिलर में अक्षय कुमार, वाणी कपूर, हुमा कुरैशी, लारा दत्ता जैसे सितारे नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 1980 में हुए प्लेन हाईजैक पर आधारित होगी। अक्षय इसमें रॉ एजेंट की भूमिका में दिखेंगे। वहीं, लारा दत्ता पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रोल में दिखाई देंगी। फिल्म 28 मई 2021 को रिलीज होगी।

83:इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में इंडियन क्रिकेट टीम के 1983 में वर्ल्ड कप जीतने की ऐतिहासिक कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म में रणवीर सिंह कपिल देव के रोल में नजर आएंगे। दीपिका पादुकोण उनकी पत्नी रोमी भाटिया के रोल में दिखाई देंगी। फिल्म में ताहिर राज भसीन, साकिब सलीम, हैरी संधू, एमी विर्क, पंकज त्रिपाठी, बोमन ईरानी जैसे सितारे भी दिखाई देंगे। फिल्म 4 जून 2021 को रिलीज होगी।

पृथ्वीराज:यशराज फिल्म्स की अपकमिंग मूवी ‘पृथ्वीराज’ में अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे। यह एक ऐतिहासिक एक्शन ड्रामा फिल्म होगी जो कि पृथ्वीराज चौहान की बायोपिक है। फिल्म में अक्षय पृथ्वीराज तो मानुषी उनकी पत्नी संयुक्ता के किरदार में दिखेंगी। फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होगी।

भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया:यह फिल्म 1971 में हुए इंडो-पाकिस्तान वॉर के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देगी जिसमें अजय देवगन आईएएफ स्क्वाड्रन लीडर विजय कार्णिक की भूमिका में नजर आएंगे। दरअसल, वॉर के दौरान भुज की आईएएफ एयरस्ट्रिप पूरी तरह से तबाह हो गई थी तब कार्णिक ने 300 महिलाओं की मदद से बेस को फिर से खड़ा किया था जिससे युद्ध जीतने में कामयाबी मिली थी। फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और नोरा फतेही भी अहम भूमिका में दिखाई देंगी। फिल्म की रिलीज डेट अभी सामने नहीं आई है।

Share This Article