Airplane Mode ऑन करते ही क्यों गायब हो जाता है नेटवर्क? जानिए वजह

आपने कभी न कभी फोन में नेटवर्क की परेशानी आने पर Airplane Mode ऑन करके फिर ऑफ जरूर किया होगा। कई बार ऐसा करने के बाद नेटवर्क वापस भी आ जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि Airplane Mode ऑन करते ही फोन का नेटवर्क आखिर गायब कैसे हो जाता है?
स्मार्टफोन में मौजूद Airplane Mode या Flight Mode एक ऐसा फीचर है, जो फोन के वायरलेस कनेक्शन को कुछ समय के लिए बंद कर देता है। इसे ऑन करते ही आमतौर पर मोबाइल नेटवर्क बंद हो जाता है और स्क्रीन पर हवाई जहाज का निशान दिखाई देने लगता है।आइए आसान भाषा में समझते हैं कि इसके पीछे का पूरा सिस्टम कैसे काम करता है।
फोन के अंदर के छोटे रेडियो स्टेशन
हमारे स्मार्टफोन के अंदर कई तरह के वायरलेस रेडियो सिस्टम होते हैं। इनकी मदद से फोन मोबाइल टावर, Wi-Fi और Bluetooth जैसे नेटवर्क से जुड़ता है। जब आप किसी को कॉल करते हैं या मोबाइल इंटरनेट चलाते हैं, तो फोन रेडियो सिग्नल के जरिए आसपास के मोबाइल टावर से संपर्क करता है। इसी तरह Wi-Fi और Bluetooth भी वायरलेस सिग्नल पर काम करते हैं।जब आप Airplane Mode ऑन करते हैं, तो फोन का ऑपरेटिंग सिस्टम इन वायरलेस कनेक्शनों को बंद कर देता है। सबसे पहले मोबाइल नेटवर्क का कनेक्शन कट जाता है। यही वजह है कि इसके बाद फोन पर कॉल और मोबाइल डेटा काम नहीं करते। यानी Airplane Mode कोई जादू नहीं करता, बल्कि फोन के वायरलेस रेडियो को बंद करके नेटवर्क से उसका संपर्क रोक देता है।
फ्लाइट में Airplane Mode क्यों ऑन करने को कहा जाता है?
अक्सर जब हवाई जहाज में यात्रा करते है, तब इसे ऑन करने के लिए कहा जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि जब विमान हवा में उड़ रहा होता है, तो आपका फोन जमीन पर मौजूद मोबाइल टावरों से जुड़ने के लिए बहुत ज्यादा ताकत से सिग्नल भेजने लगता है। हजारों फीट की ऊंचाई पर फोन के ये मजबूत सिग्नल विमान के पायलट के नेविगेशन सिस्टम रास्ता दिखाने वाले यंत्र और कंट्रोल रूम से होने वाली बातचीत में रुकावट डाल सकते हैं। और पायलट के हेडफोन में अजीब सी ‘टी-टी’ या खरखराहट की आवाज आ सकती है। इससे पायलट को दिशा समझने या जरूरी निर्देश सुनने में परेशानी हो सकती है। इसलिए किसी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए ही एयरप्लेन मोड ऑन करना अनिवार्य है।









