Advertisement

महाकाल मंदिर में कावड़ियों का हंगामा: बैरिकेडिंग तोड़ी, दानपेटियां क्षतिग्रस्त; 6 सुरक्षाकर्मी घायल

इंदौर से आए कावड़ियों पर नियम तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश की कोशिश का आरोप, रोकने पर सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की; दो गार्ड अस्पताल में भर्ती

उज्जैन।विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। नंदीहाल में इंदौर से आए कुछ कावड़ियों पर कथित तौर पर सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते हुए हंगामा करने और आम श्रद्धालुओं को परेशान करने का आरोप लगा है।बताया गया कि नियमों के विपरीत गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश के दौरान उपद्रव कर रहे लोगों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और मंदिर परिसर में लगी दानपेटियों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

Advertisement

रोकने पर सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की

सुरक्षाकर्मियों ने जब कावड़ियों को रोकने का प्रयास किया तो कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। घटना के दौरान मंदिर की निजी सुरक्षा एजेंसी के छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।

Advertisement

घायलों में गार्ड अभिषेक के सिर में गंभीर चोट आने की जानकारी है, जबकि गार्ड रोहित  के पैर में चोट लगी है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल सुरक्षाकर्मियों ने भी महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

मंदिर प्रबंध समिति ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

Advertisement

घटना को गंभीरता से लेते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।समिति की ओर से स्पष्ट किया गया है कि आस्था की आड़ में मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या मंदिर कर्मचारियों के साथ मारपीट किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

 महाकाल थाने में प्रकरण दर्ज

मामले में थाना महाकाल में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा उपद्रव में शामिल लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।मंदिर प्रबंधन और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

 

 

 

 

 

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें