11 मई को भौमवती अमावस्या, इस दिन करें ये उपाय

By AV NEWS

Bhaumvati Amavasya 2021:

 वैशाख माह की अमावस्या इस बार 11 मई मंगलवार को पड़ रही है। मंगलवार को पड़ने वाली अमावस्या को भौम अमावस्या कहते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भौम अमावस्या को धर्म-कर्म, स्नान-दान और पितरों के तर्पण के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है।

भौमवती अमावस्या के दिन कर्ज मुक्ति से जुड़े कुछ विशेष उपाय भी किए जाते हैं। आइए जानते हैं भौमवती अमावस्या का मुहूर्त, व्रत विधि, महत्व, और उपाय के बारे में।

भौमवती अमावस्या मुहूर्त

भौमवती अमावस्या तिथि 10 मई की रात 09 बजकर 55 मिनट से प्रारंभ हो जाएगी जो 12 मई को 12 बजकर 29 मिनट पर समाप्त होगी।

अमावस्या की पूजा विधि

अमावस्या के दिन सुबह जल्दी उठें।

इस दिन ब्रह्म मुहूर्त में किसी पवित्र नदी में स्नान करें।

सूर्योदय के समय भगवान सूर्यदेव को जल का अर्घ्य दें।

इस दिन कर्मकांड के साथ अपने पितरों का तर्पण करें।

पितरों की आत्मा की शांति के लिए व्रत रखें।

जरूरतमंदों को दान-दक्षिणा दें।

ब्राह्मणों को भोजन कराएं।

भौमवती अमावस्या के दिन करें ये उपाय

1. भौमवती अमावस्या के दिन सूर्य देव की आराधना करें। इस दिन सूर्योदय के समय तांबे के लोटे में शुद्ध जल भरें। इसमें लाल चंदन का पाउडर और गुड़हल का फूल डालें और सूर्य के तेरह नामों का उच्चारण करते हुए सूर्यदेव को जल अर्पित करें।

2. भौमवती अमावस्या के दिन मंगल स्तोत्र का पाठ जरूर करें। इस दिन तांबे का त्रिकोण मंगलयंत्र घर में स्थापित करें और नित्य इसकी पूजा कर मंगल स्तोत्र का पाठ करें। यंत्र पर लाल चंदन का तिलक करें। इससे आपको धनलाभ प्राप्त होगा।

3. कर्ज मुक्ति के लिए भौमवती अमावस्या के दिन श्री गणेश ऋण मोचक मंगल स्तोत्र के 51 पाठ करें और गणेशजी को मोदक का भोग लगाएं।

4. भूमि से जुड़े कार्य में सफलता पाने के लिए भौम अमावस्या के दिन लाल चंदन की माला धारण करें। इस उपाय से आपके कार्य सिद्ध होंगे।

5. भौमवती अमावस्या के दिन श्रीयंत्र की विधिवत पूजा करें और श्रीसूक्त का पाठ करें। यह उपाय करने से आपकी आर्थिक समस्याएं दूर होंगी और आपको धन प्राप्त होगा।

Share This Article