कांग्रेस विधायक ने दिया इस्तीफा, बोले- राहुल गांधी जबतक रहेंगे पार्टी आगे नहीं बढ़ेगी

By AV NEWS

असम में कांग्रेस के विधायक रूपज्योति कुर्मी ने पार्टी से और विधानसभा से शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया और कहा कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। विपक्षी दल कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका है। मारिअनी विधानसभा सीट से विधायक कुर्मी ने विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दैमारी को यहां उनके कार्यालय में इस्तीफा सौंपा।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी अपना इस्तीफा दे चुके हैं।रूपज्योति कुर्मी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस आलाकमान युवाओं को नहीं सुनना चाहते हैं, इसलिए सभी राज्यों में पार्टी की स्थिति बिगड़ती जा रही है।  रूपज्योति कुर्मी ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नेतृत्व करने में असमर्थ हैं, अगर वह कांग्रेस की कमान संभालते हैं तो पार्टी आगे नहीं बढ़ेगी।

चार बार विधायक रह चुके कुर्मी ने कहा कि वह 21 जून को भाजपा में शामिल होंगे।इस बीच कांग्रेस ने कुर्मी को ‘‘उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों’’ के चलते पार्टी से निष्कासित कर दिया है।असम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रिपुन बोरा ने एक वक्तव्य में कहा कि इस फैसले को अखिल भारतीय कांग्रेस समिति ने मंजूरी दी है। बोरा ने पूर्व विधायक राणा गोस्वामी की अगुवाई में तीन सदस्यीय दल बनाया है जो मारिअनी क्षेत्र में जाकर वहां राजनीतिक हालात का जायजा लेगा।कुर्मी चाय बागान श्रमिक समुदाय से आते हैं। वह कांग्रेस के मंत्री रह चुके रूपम कुर्मी के पुत्र हैं तथा मरिआनी क्षेत्र से 2006 से चुनाव जीतते रहे हैं।

रूपज्योति कुर्मी ने कहा कि इस बार असम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पास जीतने का अच्छा मौका था। इस बारे में उन्होंने आलाकमान को भी अवगत कराया था, लेकिन पार्टी ने एआईयूडीएफ के साथ गठबंधन करके सब गड़बड़ कर दिया। कुर्मी ने आरोप लगाया कि आलाकमान अभी तक बुजुर्ग नेताओं को ही प्राथमिकता देता रहा है। युवाओं की बात वह नहीं सुनना चाहते हैं।

Share This Article