उज्जैन:नाम वापसी आज… Congress ने एक का टिकट काटा, दो बदले

By AV NEWS

बागियों को रोकने के तमाम प्रयास दोपहर बाद साफ होगी मुकाबले की तस्वीर

उज्जैन।नगर निगम पार्षद के 54 पदों के लिए 320 प्रत्याशी मैदान में है। इस आंकड़े ने भाजपा और कांग्रेस दोनों की चिंता बढ़ा रखी है।बुधवार को नाम वापसी का अंतिम दिन है। इससे पहले कांग्रेस ने एक प्रत्याशी का टिकट काट दिया है,तो वार्ड में नए उम्मीदवार उतारे है।

मंगलवार देर रात तक दोनों ही दल नाराज कार्यकर्ताओं को नाम वापस लेने के लिए मनाते रहे हैं। इनका प्रयास कितना सफल होगा, यह बुधवार शाम तक स्पष्ट हो जाएगा।

नाम वापसी के एक दिन पहले कांग्रेस ने नगर निगम पार्षद पद के अपने 54 में से 3 प्रत्याशियों में परिवर्तन किया है। साथ ही सभी 54 प्रत्याशियों के बी फार्म (फार्म नंबर 8-9) जमा करवा दिए हैं।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष भदौरिया ने बताया कि नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन वार्ड 20 के घोषित प्रत्याशी महेश जयनारायण शर्मा फार्म जमा नहीं कर पाए थे। लिहाजा उनके स्थान पर राजेश पिता दिनेश बाथली को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है।

वार्ड 33 के प्रत्याशी जांच के दौरान फूलचंद बालमुकुंद जरिया का नामांकन फार्म निरस्त हो गया था। उनके स्थान पर बंटी पिता धीरज गोंड को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने वार्ड 37 में पूर्व घोषित अधिकृत उम्मीदवार दीनदयाल नारायण प्रसाद का टिकट काट दिया है।

इनकी जगह लालचंद भारती को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। बाकी सभी 49 वार्डों के प्रत्याशी पूर्व में घोषित ही है। पार्टी से सभी 54 प्रत्याशियों के बी फार्म उप जिला निर्वाचन अधिकारी के पास जमा करवा दिए गए हैं|

पसंदीदा चुनाव चिन्ह की चाहत: नाम वापसी के तत्काल बाद ही चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। कांग्रेस और भाजपा के चुनाव चिन्ह मान्यता प्राप्त है इसलिए इनके प्रत्याशियों के चिन्ह तय है। निर्दलियों को तय सूची के अनुसार चिन्ह मिलना है। ऐसे में कुछ निर्दलीय पसंदीदा चुनाव चिन्ह की चाहत लिए हुए है।

असंतुष्ट दावेदार निर्दलीय मैदान में उतरने को तैयार
नगर निगम चुनाव की गहमागहमी लगातार बढ़ती जा रही है। भाजपा और कांग्रेस ने बिसात पर अपने मोहरे उतार दिए हैं,लेकिन उनके इस टिकट वितरण से जिन दावेदारों को टिकट नहीं मिला,उन्होंने पार्टी के खिलाफ बगावती तेवर अपनाकर मैदान में उतरने का निणर्य लिया है।

भाजपा और कांगे्रस दोनों ही दलों में कार्यकर्ताओं ने बगावती तेवर अपना लिए हैं। शहर के 54 वार्डों में से करीब दर्जन भर वार्ड में भाजपा और कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी के मैदान में उतरने की स्थिति में त्रिकोणीय मुकाबले के समीकरण बनने की आशंका से परेशान अधिकृत उम्मीदवारों के साथ ही दोनों दलों के नेता देर रात तक बगावत का इरादा रखने वालों को मनाने में जुटे रहे। इसके बाद सुबह से ही नेता सक्रिय रहे कि बगावत करने वालों को किसी तरह रोका जाए।

देर रात तक प्रयास, प्रशासनिक भवन तक मान-मनोव्वल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया ने बताया नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने के लिए वरिष्ठ नेताओं की कमेटी बनाई है। देर रात तक नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जाता रहा।

उम्मीद है बुधवार को नाराज कार्यकर्ता नाम वापस ले लेंगे और अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में काम करने लगेंगे। भाजपा के नाराज कार्यकर्ताओं से मंत्री, सांसद व विधायक और वरिष्ठ चर्चा करते रहे। भाजपा नगर अध्यक्ष विवेक जोशी ने बताया कि कई कार्यकर्ताओं ने नाम वापस लेने की सहमति भी जता दी थी।

3-4 वार्डों में समझाइश में मुश्किल आ रही थी। चुनाव के बागियों को मनाने के लिए मान-मनोव्वल का क्रम प्रशासनिक भवन (निर्वाचन कार्यालय) तक देखा गया,जब अधिकृत उम्मीदवार अपने वार्ड के अन्य प्रत्याशी को नाम वापसी के लिए वरिष्ठ नेताओं के साथ लेकर आए।

पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लडऩे वालों को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के समर्थन में बैठाने के हरसंभव प्रयास किया गए। इसके लिए नेता येन-केन प्रकारेण सबकुछ पैतरे अपना रहे थे। बुधवार दोपहर तक बात नहीं बनी तो करीब 10 वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय होगा।

Share This Article