यह कैसी स्मार्ट सड़क, मुहाने पर ही बिजली पोल; हादसे की वजह बन रहा

By AV NEWS

नगर निगम, स्मार्ट सिटी कंपनी और विद्युत विभाग झाड़ रहे पल्ला

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अरविंद नगर से जीरो पाइंट ओवरब्रिज की ओर दो तरफा सड़क निर्माण स्मार्ट सिटी के तहत हुआ था। इन सड़कों को टू लेन बनाने के साथ-साथ आदर्श सड़क के रूप में विकसित किया गया था। इसी सड़क के एक मुहाने पर रोजाना सड़क दुर्घटना हो रही है। दुर्घटना का कारण है बीच में लगा बिजली पोल। जिम्मेदार विभागों के बीच समन्वय की कमी है और इसका खामियाजा आम आदमी भुगत रहा है। इस अव्यवस्था पर क्षेत्रीय पार्षद रवि राय ने सवाल ने खड़े किए हैं।

फ्रीगंज में जीरो पाइंट ओवरब्रिज का उतार दो ओर दिया गया है। पहला उद्योगपुरी होकर ढांचा भवन तक ओर दूसरा अरविंद नगर होकर कोयला फाटक की ओर। इस ब्रिज के उतार के बाद स्मार्ट सिटी कंपनी ने आदर्श सड़क का निर्माण दोनों ओर किया है। सड़क को विकसित करने के साथ यह दावा किया था कि फ्रीगंज ओवरब्रिज का टै्रफिक इस ओर से गुजरने के बाद यातायात में काफी सुगमता आ जाएगी। इधर, फ्रीगंज और पुराने शहर का यातायात इस मार्ग पर अब 24 घंटे चलता है।

पिछले कुछ दिनों से अरविंद नगर की ओर वाले मार्ग पर स्मार्ट सिटी की आदर्श सड़क के मुहाने पर खड़ा बिजली का पोल लगातार दुर्घटना का कारण बन रहा है। यहां अंधेरा तो है ही, तिराहा भी है। समीप में जैन मंदिर, मांगलिक परिसर होने से आवाजाही सतत बनी रहती है। यहां हाई टेंशन लाइन का पोल किसी बड़ी दुर्घटना को बुलावा दे रहा है। इस ओर विभागीय तालमेल के अभाव में किसी का ध्यान नहीं है।

देखिए, अधिकारियों की गंभीरता को

इस संबंध में एचटी लाइन के प्रभारी रविकांत मालवीय ने बताया कि पोल तो पहले से था। स्मार्ट सिटी वालों ने यहां सड़क बनाई तो पोल बीच में आ गया। हाल ही में पोल किसी टक्कर के बाद टेढ़ा हुआ तो हमने नया पोल लगा दिया। गलती सारी स्मार्ट सिटी वालों की है। उन्हें हमने रोड बनाते समय ही बता दिया था कि इस पोल को स्थानांतरित करना होगा। न उन्होंने ध्यान दिया और न ही नगर निगम ने। ये उनका काम है, हम तो सड़क बनने के दौरान ही स्मार्ट सिटी और नगर निगम को पत्र लिख चुके थे। नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी सीईओ आशीष पाठक ने कहा कि इस मामले को मैं दिखवाता हूं, कैसे पोल स्थानांतरित नहीं हुआ। विद्युत कंपनी को हमने पूर्व में पत्र लिखे हैं। उसका भी कोई हल नहीं निकला।

कोई नहीं दे रहा है ध्यान

क्षेत्रीय पार्षद रवि राय ने आरोप लगाया कि वे पूर्व में कई बार विद्युत कंपनी, नगर निगम और स्मार्ट सिटी वालों को समस्या से अवगत करा चुका हूं। उन्हें बताया जा चुका है कि इस रोड पर 24 घंटे टै्रफिक रहता है। स्ट्रीट लाइटें अक्सर बंद रहती हैं और इस वजह से गंभीर दुर्घटना हो सकती है। राय ने कहा कि यदि अब भी संबंधित विभागों ने ध्यान नहीं दिया तो वे आंदोलन करेंगे।

Share This Article