विवाद में गई युवक की जान

बीच बचाव करने गया था तीन हमलावर हिरासत में

उज्जैन। गोंसा में हफ्ता वसूली को लेकर हो रही मारपीट में बीच बचाव करने गए युवक की बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। भैरवगढ़ पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर 3 हमलावरों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि अंकित पिता मोहनलाल चौधरी निवासी गोंसा का भाई कृष्णा ई रिक्शा चलाता है। रविवार को अंकित और उसका दोस्त विजय पिता अजय 24 वर्ष निवासी मंगल नगर थाना चिमनगंज के साथ गोंसा में था उसी दौरान तीन युवकों ने अंकित से कहा कि तेरा भाई रुपए का रौब दिखाता है।
ई रिक्शा चलाना है तो 1 हजार रुपए देना पड़ेंगे। अंकित का उक्त युवकों से विवाद हुआ तो विजय बीच बचाव करने पहुंचा। बदमाशों ने विजय के दोनों पैरों में चाकू मार दिए। अंकित अन्य लोगों की मदद से घायल विजय को लेकर पहले आरडी गार्डी फिर एक प्रायवेट अस्पताल पहुंचा। बाद में जिला चिकित्सालय लाया जहां डॉक्टर ने विजय को मृत घोषित कर दिया।
टीआई चंद्रिका सिंह यादव ने बताया कि अंकित चौधरी की रिपोर्ट पर हत्या का केस दर्ज करने के बाद 3 हमलावरों को हिरासत में लिया है जिनमें दो गोंसा के व 1 मोती नगर इंदौर रोड़ का रहने वाला है।








