चिंतामन गणेश मंदिर प्रशासन संचालित करेगा वेडिंग डेस्टिनेशन

मंदिर प्रबंध समिति ने प्रशासन को भेजा प्रस्ताव
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। चिंतामन गणेश मंदिर प्रशासन अब शहरी क्षेत्र में वेडिंग डेस्टिनेशन संचालित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है। प्रशासन की अनुमति मिलने पर यह योजना शुरू होने की संभावना है।
चिंतामन गणेश मंदिर देश का ऐसा मंदिर है, जहां बिना मुहूर्त के भी लगन लिखे जाते हैं और नवयुगल प्रथम पूज्य गणेश जी का आशीर्वाद लेकर अपना दाम्पत्य जीवन आरम्भ करते हैं। चिंतामन गणेश मंदिर प्रबंध समिति इसके लिए वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन मंदिर के आसपास सरकारी जगह उपलब्ध न होने के कारण अब शहरी क्षेत्र में इंदौर रोड या हरिफाटक ब्रिज के आसपास वेडिंग डेस्टिनेशन संचालित करने की योजना बना रही है।
मंदिर समिति की ओर से कलेक्टर नीरज कुमार सिंह को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए ऐसे स्थान की भी तलाश की जा रही है, जहां इसका संचालन हो सके। जिला प्रशासन की अनुमति मिलने पर योजना को धरातल पर उतारा जाएगा।
प्रस्ताव भेजा है
चिंतामन गणेश मंदिर समिति वेडिंग डेस्टिनेशन आरम्भ करने पर विचार कर रही है। इसके लिए प्रशासन को प्रस्ताव भेजा गया है, जिसमें उचित स्थान उपलब्ध कराने की मांग की गई है।-अभिषेक शर्मा, प्रबंधक चिंतामन गणेश मंदिर









