पहले ढक्कन खुलेगा फिर अनार जलेगा ,फैंसी पटाखे लुभा रहे

माचिस बम क्रेकलिंग पेंसिल और बटर फ्लाय
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। दीपावली के मद्देनजर शहर में पटाखा बाजार सज चुका है। इसकी खरीदारी के लिए शहरवासियों का पहुंचना भी शुरू हो गया है। हर साल बाजार में नए-नए पटाखे देखने को मिलते हैं।
इस साल भी कई तरह के फैंसी पटाखे आए हैं जो ग्राहकों का ध्यान तो खींच ही रहे हैं, दीपावली की रौनक में भी चार चांद लगा देंगे। बच्चों के लिए भी माचिस बस, क्रेकलिंग पेंसिल, बटरफ्लाय, साउंड चकरी जैसे पटाखे हैं जो उन्हें काफी पसंद आ रहे हैं। दशहरा मैदान, सामाजिक न्याय परिसर, कार्तिक मेला और नानाखेड़ा क्षेत्र में सजी पटाखा दुकानों पर हर साल की तरह ग्राहकों को लुभाने के लिए कुछ नया करने की कोशिश की गई है जिसमें सबसे ज्यादा पसंद कोल्डड्रिंक अनार पसंद किया जा रहा है।
आगर रोड स्थित सामाजिक न्याय परिसर में दुकान लगाने वाले नवीन परिहार ने बताया कि 400 रुपए कीमत के कोल्डड्रिंक की कैननुमा शेप में आने वाले इस पटाखे को जलाने पर पहले ढक्कन खुलेगा फिर अनार जलेगा। इसके अलावा ड्रोन पटाखा भी बिल्कुल नया है। 300 रुपए के इस पटाखे को जलाने पर यह जलते हुए ड्रोन की तरह उड़ेगा। इसके अलावा मनोरंजन पटाखा जिसमें पहले चकरी और बाद में अनार जलेगा। इसकी कीमत 350 रुपए है। कुरकुरे के नाम से आया पटाखा भी चर्चा में है। इसकी प्राइस 400 रुपए है।
बच्चों के लिए माचिस बम और क्रेकलिंग पेंसिल
कार्तिक मेला ग्राउंड पर थोक दुकान संचालित करने वाले बादल सीतवानी ने बताया कि बच्चों के लिए इस बार माचिस बम, क्रेकलिंग पेंसिल, साउंड चकरी, बटरफ्लाय, मोरपंख जैसे पटाखे मौजूद हैं। इनकी कीमत 10 रुपए से लेकर 300 रुपए तक है। इसके अलावा 900 रुपए कीमत का दिलखुश 50 शॉट भी है जो एक के बाद एक आसमान में जाकर फूटता है।









