10 रुपए के लिए पिता-पुत्र एक-दूसरे के जान के दुश्मन बने, मारपीट की

सबसे पहले बेटे ने मां से पैसे मांगे थे, पिता गाली देने लगा…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 10 रुपए के विवाद में पिता पुत्र के बीच विवाद हुआ। इस दौरान हुई मारपीट में 3 लोग घायल हुए। महाकाल थाना पुलिस ने पिता सहित 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
पुलिस ने बताया कि कोट मोहल्ला में रहने वाले राज राव पिता देवेन्द्र राव जाधव ने उसके पिता देवेन्द्र राव, हर्षित, यश, मिथुन, प्रिंस, नवीन के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया। राज राव ने पुलिस को बताया कि छोटा भाई प्रिंस ने मां से 10 रुपए मांगे थे। मां ने रुपए देने से इंकार किया और पिता देवेन्द्र गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में यश राव, अंजु राव, प्रियांश राव घायल हुए हैं।
हाथ न मिलाने पर युवक को पीटा
लक्ष्मी नगर थाना माधव नगर क्षेत्र में रहने वाला विपुल पिता आसाराम यादव अपने मूक-बधिर भाई के साथ स्कूटी पर पाइप फैक्ट्री वाइन शॉप के सामने से इंजीनियरिंग कॉलेज रोड की तरफ जा रहा था तभी बदमाशों ने उसे रोका और हाथ न मिलाने की बात पर मारपीट की। नागझीरी थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है।
सलाद काटने के विवाद में होटल कर्मचारियों में मारपीट
उज्जैन। होटल में सलाद काटने के विवाद को लेकर कर्मचारियों के बीच मारपीट हो गई जिसमें एक व्यक्ति ने दूसरे को ईंट मारकर घायल कर दिया। महाकाल थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि सतयुग इन होटल सांई बाबा की गली में रहने वाले मैनेजर विनोद कुमार राजपूत पिता तुलियाराम ने अशोक सिसौदिया के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कराया। उसने पुलिस को बताया कि होटल कर्मचारी बोहरा बाखल भागसीपुरा में रहने वाले ताहिर बोहरा पिता शब्बीर हुसैन का दूसरे कर्मचारी अशोक सिसौदिया से सलाद काटने की बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें अशोक ने ताहिर बोहरा को ईंट मारकर घायल कर दिया। सिर में चोंट लगने से ताहिर को अस्पताल में भर्ती कराया गया।









