डेढ़ किमी तक गड्ढों की भरमार, धूल का गुबार

आरटीओ पहुुंचने की राह आसान नहीं: एक-एक फीट तक के गड्ढे, वाहन चालकों की होती है अग्नि परीक्षा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
चालक की जरा-सी चूक बन सकती है हादसे का सबब
अक्षरविश्व न्यूज| उज्जैन। अगर आप आरटीओ में ड्राइविंग लाइसेंस या किसी दूसरे काम करवाने जा रहे हैं तो जरा संभल जाइए। आरटीओ जाने के लिए दाऊदखेड़ी की करीब डेढ़ किलोमीटर की सड़क पर गड्ढों का अंबार लगा है। एक-एक फीट के यह गड्ढे आपकी ड्राइविंग स्किल की परीक्षा लेते हैं और यदि आप बिना गिरे यहां से अपने गंतव्य तक पहुंच जाएं तो यह आपकी कामयाबी होगी। बहरहाल, यहां सड़क पर गड्ढे हैं या गड्ढों के बीच सड़क है, यह कहना मुश्किल है। इसके अलावा वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल आपकी सांसों में घुल जाती है जो सेहत की दृष्टि से बेहद घातक हो सकती है।
दरअसल, चिंतामन रोड स्थित ग्राम पंचायत दाऊदखेड़ी में नया क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) हैं। इसके लिए नानाखेड़ा क्षेत्र में जीवनखेड़ी से होते हुए जब वाहन ग्राम पंचायत दाऊदखेड़ी के गेट तक पहुंचते हैं। यहां से बांई ओर टर्न लेते ही वाहन चालकों की परीक्षा शुरू हो जाती है। आरटीओ कार्यालय तक पहुंचने के लिए ढाई किमी का रास्ता तय करना होता है जिसमें से शुरुआती डेढ़ किमी का रास्ते बेहद खराब है। यहां सड़क बची ही नहीं, केवल करीब एक-एक फीट के गड्ढे हैं जो विनायक विहार तक आपका साथ देते हैं। इसी खस्ताहाल रोड से दिनभर भारी वाहन भी गुजरते हैं। यहां जरा सी चूक हादसे को न्यौता दे सकती है।
सांसों में घुलती है धूल
जर्जर सड़क से जब वाहन गुजरते हैं तो इससे भयंकर धूल उड़ती है जो वाहन चालकों की आंखों के साथ सांसों में भी घुल जाती है। इस तरह की स्थिति सेहत को नासाज कर सकती है और एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में इस रोड से गुजरते वक्त आंखों और चेहरे को कपड़े से ढंककर निकलें।
कई बार पत्र लिख चुके
यह सड़क प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी थी। इसके निर्माण का काम ग्राम पंचायत के अंतर्गत नहीं आता। हालांकि, इसकी मरम्मत के लिए पंचायत की ओर से कई बार पत्र लिख चुके हैं।
-पुष्पा पडिहार, सरपंच, ग्राम पंचायत, दाऊदखेड़ी









