जबर्दस्ती का विरोध कर रही थी वृद्धा बदमाश ने पीट कर अधमरा किया

6 घंटे तक खून से लथपथ पड़ी रही, रिश्तेदारों ने अस्पताल में भर्ती करवाया
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। यह क्रूरता है, वहशीपन है, कामुकता है या इंसानियत को शर्मसार करने वाली हरकत है। क्या कहें। ऐसी हरकत हुई है कि उसके लिए कोई शब्द नहीं है। 60 वर्ष की महिला जो दर-दर भटककर अपनी मानसिक रूप से कमजोर बेटी का पेट भरती है उसके साथ एक युवक ने नापाक हरकत की। आधीरात को घर में घुसा, वृद्धा को डंडे से इतना पीटा कि वह यह तक नहीं बता सकती कि उसके साथ आखिर हुआ क्या था। हालात बता रहे हैं कि उसके साथ कुछ न कुछ गलत जरूर हुआ है। अस्पताल में जिन लोगों ने उसका इलाज किया उनकी आत्मा भी वृद्धा की हालत देखकर कांप गई।
ह्रदय को झकझोरने वाली यह घटना घटी है तिलकेश्वर झुग्गी झोपड़ी क्षेत्र में। मानसिक रूप से कमजोर युवती अपनी बहन व रिश्तेदारों के साथ चरक अस्पताल में अपनी घायल मां के पास बैठी थी। वह मां के साथ रात में हुई घटना अटक अटक कर बता पा रही थी। उसने कहा कि रात 12 बजे पड़ोस में रहने वाला आरिफ घर में आया था। वह मां को गालियां दे रहा था। मां उसका विरोध कर रही थी। उसने मां के साथ जबरदस्ती का प्रयास किया।
मां स्वयं को बचा रही थी। आरिफ ने उसके कपड़े फाड़ दिए और डंडा उठाकर मारने लगा। चोंट लगने पर मां ने शोर मचाया तो वह भाग गया। रात का अंधेरा, सड़क सुनसान। मानसिक रूप से कमजोर बेटी को किसी से मदद मांगने की बात भी नहीं समझ आई। सुबह 6 बजे तक वृद्धा खून से लथपथ होकर पड़ी रही। उसके सिर व शरीर के अन्य अंगों से खून बह रहा था। सुबह उजाला हुआ तो वृद्धा ने दर्द से कराहते हुए बेटी से कहा अपनी बड़ी बहन को उसके ससुराल से बुलाकर ले आ। बड़ी बहन अपनी सास के साथ आई। उसने तुरंत जीवाजीगंज थाने को सूचना दी और घायल समधन को लेकर चरक अस्पताल पहुंची। यहां ओपीडी में मौजूद स्टाफ ने वृद्धा की हालत देखी तो वह भी सन्न रह गए। उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर वार्ड में भर्ती किया गया।
बदमाश मोबाइल बंद कर भागा
टीआई विवेक कनोडिया ने बताया रईसा बी पति अब्दुल अजीज 60 वर्ष निवासी तिलकेश्वर झुग्गी बस्ती के साथ मारपीट की सूचना सुबह गश्त पार्टी को मिली थी। पुलिस टीम ने झोपड़ी में पहुंचकर घायल वृद्धा को परिजनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। परिजन का कहना था कि रईसा बी के साथ आरिफ ने मारपीट की है।
उसके घर पहुंचकर जांच की तो एक चप्पल मिली। वहां मौजूद सलमान नामक युवक से पूछताछ की तो उसने कहा चप्पल मेरे भाई आरिफ की है। आरिफ का मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस टीम उसकी तलाश कर रही है। आरिफ वृद्धा का भतीजा लगता है। उसने मारपीट किस मकसद से की इसका खुलासा घायल वृद्धा के बयानों के बाद ही हो पाएगा। घर में मौजूद उसकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर है।










