Advertisement

अमेरिका ने यूक्रेन की सभी सैन्य मदद रोकीं

वॉशिंगटन: यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से पिछले सप्ताह सार्वजनिक टकराव के बाद अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने यूरोप को दी जाने वाली सभी सैन्य सहायता रोक दी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने वॉइट हाउस के एक अधिकारी के हवाले से ये जानकारी दी है। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर रॉयटर्स को बताया, ‘राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि उनका ध्यान शांति पर है। हमें चाहिए कि हमारे साझेदार भी उस लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध हों। हम अपनी सहायता रोक रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि यह समाधान में योगदान दे रही है।’

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

ब्लूमबर्ग ने रक्षा विभाग के एक अधिकारी के हवाले से बताया है कि राष्ट्रपति ट्रंप कथित तौर पर इस बात की समीक्षा कर रहे हैं कि क्या जेलेंस्की रूस के साथ शांति स्थापित करने के लिए सद्भावनापूर्ण प्रयास करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने फॉक्स न्यूज को बताया कि ‘यह सहायता की स्थायी समाप्ति नहीं है, यह एक विराम है।’ अमेरिकी सहायता रोके जाने पर राष्ट्रपति जेलेंस्की की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि सहायता में कितनी रोक लगाई जाएगी, लेकिन यूक्रेन को अमेरिकी सैन्य सहायता में कोई भी बड़ा बदलाव देश की रक्षा पर विनाशकारी प्रभाव डाल सकता है। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि उसके पास केवल गर्मियों तक रूस से लड़ने के लिए आपूर्ति है।इसके कुछ ही दिन पहले अमेरिका और यूक्रेन एक दुर्लभ खनिज समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार थे, जो अमेरिका को यूक्रेनी संसाधनों तक पहुंच प्रदान करेगा, जिससे दोनों पक्षों को उम्मीद थी कि रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए शांति प्रक्रिया के हिस्से के रूप में देशों के बीच संबंधों को गहरा करेगा।

Advertisement

हालांकि, शुक्रवार को हुई बैठक के दौरान स्थिति तेजी से बदल गई जब ट्रंप प्रशासन ने सुरक्षा गारंटी पर चर्चा शुरू करने के लिए जेलेंस्की पर सीमा लांघने का आरोप लगाया।स्थिति इतनी खराब हुई कि मीडिया के सामने ही दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। इसके बाद यूक्रेनियों को वॉइट हाउस छोड़ने के लिए कहा गया और ट्रंप के सगहयोगियों ने जल्द ही जेलेंस्की के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। सोमवार को ट्रंप ने फिर कहा कि जेलेंस्की को अमेरिकी समर्थन के लिए अधिक आभारी होना चाहिए।

इसके पहले उन्होंने एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई, जिसमें जेलेंस्की ने कहा था कि युद्ध का अंत बहुत-बहुत दूर है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, यह जेलेंस्की का दिया सबसे खराब बयान है और अमेरिका इसे ज्यादा समय तक बर्दाश्त नहीं करेगा।’ हालांकि, ट्रंप ने सोमवार को यह भी सुझाव दिया कि यूक्रेन के खनिजों पर अभी भी समझौता हो सकता है। जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह डील खत्म हो गई है तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता।’

Advertisement

Related Articles

Write a review