होटल के कॉमन बाथरूम की खिडक़ी से नहा रही सूरत की महिला श्रद्धालु को देख रहा था युवक

रिपोर्ट लिखाने दो थानों के बीच ढाई घंटे तक परिजन के साथ भटकती रही
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। सूरत की महिला श्रद्धालु परिजन के साथ उज्जैन दर्शन करने आई और उपकेश्वर चौराहा के पास होटल में ठहरी। सुबह वह कॉमन बाथरूम में नहाने पहुंची तो उनके साथ होटल के व्यक्ति ने खिडक़ी से झांककर अश्लील हरकत की। खास बात यह कि महिला अपनी शिकायत लेकर महाकाल थाने पहुंची।

पुलिस ने कार्रवाई की और होटलकर्मी को पकड़ भी लिया लेकिन मामला खाराकुआं थाना क्षेत्र का होने से उन्हें वहां रवाना किया गया। घटना के ढाई घंटे बाद तक मामले में पुलिस एफआईआर दर्ज नहीं कर पाई थी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उपकेश्वर महादेव चौराहा के पास स्थित जयश्री होटल एक युवक ने किराए पर ले रखी है। होटल में सूरत के महिला-पुरुष श्रद्धालु अपने बच्चों के साथ ठहरे थे। एक रूम में बाथरूम अटैच नहीं था। होटल कर्मचारी ने उन्हें कॉमन बाथरूम का उपयोग करने की बात कही।
सुबह महिला कॉमन बाथरूम में नहाने पहुंची। नहाते-नहाते उसकी नजर बाथरूम की खिडक़ी पर पड़ी। एक युवक वहां से उसे देख रहा था। महिला ने शोर मचाया और दरवाजा खोलकर देखा तो युवक भागता नजर आया उसके हाथ में मोबाइल भी था। महिला ने बाथरूम से निकलकर परिजन को घटना की जानकारी दी।
परिजन ने होटल मैनेजर से शिकायत की तो वह अभद्रता करने लगा। उन्होंने कमरों से अपना सामान उठाया और सीधे महाकाल थाना पहुंचे। यहां पुलिस ने उनकी शिकायत सुनी। चीता पार्टी के जवानों को होटल भेजा। वे कर्मचारियों को पकडक़र थाने ले आए। इनमें से महिला ने उस युवक को पहचान लिया जो बाथरूम की खिडक़ी से झांक रहा था।
इस दौरान पुलिस ने घटना स्थल की तस्दीक की तो पता चला कि उक्त होटल खाराकुआं थाना क्षेत्र में आती है। इस पर पुलिस ने शिकायतकर्ताओं को खाराकुआं थाने भेज दिया। खाराकुआं थाने पर मामले की जानकारी चाही गई तो पता चला कि थाने में महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थीं।
समाचार लिखे जाने तक शिकायतकर्ता महिला की बात सुनी जा रही थी। घटना के ढाई घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कर पाई थी।








