कुछ दुकानदारों ने खुद ही हटाया तो कुछ का सामान जब्त

अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर निगम की गैंग मच गया हडक़ंप….

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में परसे अतिक्रमण को हटाने के लिए शनिवार सुबह नगर निगम की रिमूवल गैंग जैसे ही पहुंची दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने खुद ही सामान हटा लिया लेकिन जिन्होंने ऐसा नहीं किया उनका सामान टीम ने जब्त कर लिया। हालांकि, इस दौरान दोहरी कार्रवाई देखने को मिली, छोटे दुकानदारों पर गैंग सख्त नजर आई तो बड़ी दुकानों को केवल सामान हटाने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
दरअसल, भारत माता मंदिर के समीप नए महाकाल थाने के आसपास ठेलेवालों, फूल प्रसादी सहित अन्य सामान बेचने वालों ने बड़ी संख्या में दुकानें लगा ली थीं। इससे वाहन तो दूर पैदल निकलने में भी श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायतें नगर निगम को मिल रही थीं जिसके बाद शनिवार सुबह करीब ९.३० बजे नगर निगम की रिमूवल गैंग मौके पर पहुंची। टीम को देखते दुकानदारों में हडक़ंप मच गया और धड़ाधड़ सामान हटने लगा। इस दौरान गैंग ने ठेले सहित अन्य सामान जब्त कर उन्हें ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर निगम रवाना किया।
कुछ पर सख्त बाकी पर मेहरबान
अतिक्रमण हटाने के दौरान दो तरह की कार्रवाई देखने को मिली। महाकाल थाने की ओर फुटपाथ पर छोटे दुकानदारों के ठेले और दुकानें गैंग ने सख्ती से हटाए, जिन्होंने विरोध करने की कोशिश की उनका सामान जब्त कर लिया, जबकि उसके सामने वाली पट्टी पर बड़े दुकानदार जिन्होंने फुटपाथ पर भी कब्जा कर सामान जमा लिया, उन्हें केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। इससे अन्य दुकानदारों का कहना था कि नगर निगम को एक समान कार्रवाई करना चाहिए। उसमें भेदभाव क्यों किया जा रहा है।








