माधव नगर अस्पताल में भी सोनोग्राफी सुविधा शुरू

कलेक्टर सिंह ने सुबह किया नई मशीन का शुभारंभ…

अक्षरविश्व न्यूजउज्जैन। अब तक चरक अस्पताल में मरीजों व प्रसूताओं को सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध हो रही थी। अब माधव नगर अस्पताल में भी सोमवार से यह सुविधा शुरू हो गई है। माधव नगर अस्पताल में सभी प्रकार के मरीजों का उपचार होता है इसके अलावा गायनिक ओपीडी भी संचालित होती हैं। शासन ने यहां क्लास वन महिला चिकित्सक के अलावा मेडिकल ऑफिसर और 6 असिस्टेंट का स्टाफ उपलब्ध कराया है। यहां आने वाले मरीजों को सबसे अधिक परेशान सोनोग्राफी को लेकर आती थी जबकि एक्सरे व अन्य सुविधाएं पूर्व से हैं।
आरएमओ डॉ. विक्रम रघुवंशी ने बताया कि माधव नगर अस्पताल की गायनिक ओपीडी में प्रतिदिन 30-40 महिलाएं उपचार के लिए आती हैं। सबसे अधिक आवश्यकता उन्हें सोनोग्राफी की होती है। अब तक मरीजों को सोनोग्राफी कराने चरक अस्पताल पहुंचाया जाता था। अब यह सुविधा माधव नगर अस्पताल में शुरू हो चुकी है। शासन के स्वास्थ्य विभाग ने नई सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई है। इसके लिए स्टाफ भी उपलब्ध है जिसे ट्रेंड किया जा रहा है। सुबह कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, सीएमएचओ, आरएमओ की उपस्थिति में नई मशीन का शुभारंभ हुआ।









