उज्जैन। भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को अब नाश्ते में पोहा मिलेगा। गुरुवार से श्री महाकाल मंदिर प्रबंध समिति और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में इसकी शुरुआत भी हो गई। सुबह ६ से ८ बजे तक श्रद्धालुओं को गर्मागर्म पोहा परोसा गया जिसे खाकर श्रद्धालु भी खुश नजर आए। उन्होंने इस निर्णय की तारीफ भी की।
दरअसल, श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में अब तक श्रद्धालुओं को सिर्फ खाना ही परोसा जाता था। इसके लिए उन्हें टोकन दिए जाते थे जिसे लेकर वह अन्नक्षेत्र पहुंचते थे। गुरुवार से नाश्ते की शुरुआत भी की गई। अन्नक्षेत्र प्रभारी मनीष तिवारी ने बताया कि प्रतिदिन भगवान महाकाल की भस्मार्ती में शामिल होने वाले दर्शनार्थियों के लिए आज से नि:शुल्क अल्पाहार की सुविधा की शुरुआत की गई है। पहले दिन एकादशी होने और श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी नहीं होने से संख्या कम रही। हालांकि, सुबह ६ से ८ बजे के बीच करीब ३०० श्रद्धालुओं ने नाश्ता किया। उनकी ओर से इस व्यवस्था को अच्छा प्रतिसाद मिला है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे श्रद्धालुओं को इसकी जानकारी मिलेगी, उनकी संख्या भी बढ़ती जाएगी। नाश्ते की यह व्यवस्था आगामी आदेश तक लागू रहेगी।
नाश्ते के लिए भी लेना होंगे कूपन
अब तक श्रद्धालुओं को खाने के लिए कूपन लेना पड़ता था लेकिन अब नाश्ते के लिए भी कूपन लेना होगा। उप प्रशासक सिम्मी यादव ने बताया कि मंदिर परिसर में बने काउंटर से भक्तों को नाश्ते के कूपन वितरित किए जाएंगे। जिसे अन्नक्षेत्र में जमा कर दर्शनार्थी नाश्ता कर सकते हैं।