Advertisement

रोशनी से सजे मंदिर, फूलों से दमके देवालय, फूल बंगला सजा

जन्माष्टमी महोत्सव : कान्हा के जन्मदिन के खुमार में डूबा शहर, यादव समाज ने निकाला चल समारोह, बड़ी संख्या में लोग पहुंचे

Advertisement

शहीद पार्क पर फूटेगी सबसे ऊंची और कीमती मटकी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। उत्सवों के शहर उज्जैन में जन्माष्टमी पर्व की धूम शुक्रवार सुबह से ही शुरू हो गई। जन्माष्टमी पर मंदिर रोशनी से दमक उठे और फूलों से देवालय महक उठे। महाकाल मंदिर में भगवान को वैष्णव तिलक लगाया गया। उनके मस्तक पर भगवान श्रीकृष्ण कालियार्मदन स्वरूप में दिखें।

Advertisement

अंकपात मार्ग स्थित सांदीपनि आश्रम में फूल बंगला सजाया गया। नन्हें कान्हा को नई पोशाक धारण कराई गई। इस्कॉन में तड़के मंगलाआरती हुई। फिर सुबह प्रवचन हुए। गुरुपूजन और दर्शनआरती के साथ दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ, मंदिर आज दिनभर खुला रहेगा। बड़ा गोपाल मंदिर में भी सुबह विशेष पूजन किया गया। यहां रात 12 बजे विशेष आरती होगी। शहीद पार्क पर शाम भजन संध्या होगी और फिर मटकी फोडऩे का क्रम शुरू होगा। विजेता दल को 1 लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा।

दरअसल, भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षास्थली होने से उज्जैन में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। इसकी हलचल पूरे शहर और बाजार में दिखती है। चूंकि उज्जैन उत्सव का ही शहर है, ऐसे में यह आयोजन कई-कई दिन तक चलते हैं। इस्कॉन में जन्माष्टमी की धूम तीन दिन पहले ही शुरू हो गई थी। शुक्रवार को यह चरम पर पहुंच गई।

Advertisement

हाथी-घोड़े शामिल हुए चल समारोह में

जन्माष्टमी पर यादव समाज ने टॉवरचौक से चल समारोह निकाला। बारिश की वजह से हालांकि जुलूस शुरू होने में देरी हुई, फिर भी बड़ी संख्या में यदुवंशियों ने इसमें शिरकत की। समारोह का आकर्षण आदिवासी दल था। उसने शानदार नृत्य पेश किए। जुलूस फ्रीगंज ओवरब्रिज, देवासगेट, मालीपुरा, दौलतगंज, इंदौरगेट, हरिफाटक ओवरब्रिज से होते हुए होटल अथर्व पहुंचा। जगह-जगह मंच लगाकर जुलूस का स्वागत किया गया। हाथी-घोड़े भी चल समारोह में शामिल थे।

इंदौर रोड स्थित ओशो महाकाल धाम में जन्माष्टमी पर्व पर बोर्न अगेन थैरेपी शिविर शुरू हुआ। 10 सितंबर तक चलने वाले शिविर में रोजाना सुबह 6.30 बजे से कुंडलिनी ध्यान और शाम 6.30 बजे से संध्या दर्शन ध्यान सिखाया जा रहा है। स्वामी योगेंद्र भारती एवं नवीन सोलंकी ने बताया कि गुजरात की मां प्रेम माधुरी एवं स्वामी बोधि निजेन शिविर का संचालन कर रहे हैं।

इस्कॉन दिनभर खुला रहेगा
इस्कॉन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मंदिर को फूलों से सजाया गया है। भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग से दर्शन कराए जा रहे हैं। दर्शन का सिलसिला दिनभर चलेगा। रात में भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक होगा और रात 12 बजे जन्ममहाआरती होगी। इस दौरान हजारों लोगों के उपस्थित रहने की संभावना है। शनिवार को नंदोत्सव मनेगा। श्रील प्रभुपाद की अविर्भाव तिथि भी मनेगी।

सांदीपनि आश्रम में लंबी कतार
अंकपात मार्ग स्थित सांदीपनि आश्रम में जन्माष्टमी पर्व की धूम सुबह से ही शुरू हो गई। यहां फूल बंगला सजाया गया। शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के पंचामृत अभिषेक से हुई। पूजन आरती के बाद भगवान को नए वस्त्र धारण कराए गए। पालने में विराजे लड्डू गोपाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस वजह से श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतार लगी रही। रात 12 बजे जन्मोत्सव मनेगा।

रोशनी से दमका गोपाल मंदिर
बड़ा गोपाल मंदिर में जन्माष्टमी पर्व की शुुरुआत सुबह प्रतिमा के विशेष अभिषेक से हुई। मिल्क केक से साज-सज्जा की शुरुआत की गई। यह दिन भर में 1100 किलो प्रसाद बांटा जा रहा है। शाम को महाभिषेक होगा। रात 12 बजे जन्म आरती होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के मौजूद रहने की संभावना है।

मित्रवंदा धाम में फलाहारी भंडारा
भैरवगढ़ मार्ग स्थित श्रीकृष्ण मित्रविंदा धाम में कान्हा का सुबह विशेष अभिषेक किया गया। इसके बाद दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ। शाम से यहां फलाहारी भंडारा होगा। दिल्ली की रितिका गुप्ता की भजन संध्या होगी। रात 12 बजे भगवान की प्राकटय आरती होगी। भक्तों को मोर पंख प्रसाद के तौर पर वितरित किए जाएंगे। पुजारी गिरीश गुरु ने बताया कि मोरपंख जीवन में आनंद लाते हैं। भगवान कृष्ण प्रेम के प्रतीक है। मित्रविंदा धाम उनकी ससुराल है, ऐसे में यहां पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।

शहीद पार्क पर मिलेगा 1 लाख का इनाम
जन्माष्टमी की कड़ी में शहर का सबसे प्रमुख आयोजन शहीद पार्क पर होगा। अभिमन्यु मित्र मंडल यहा मटकी फोड़ कार्यक्रम करेगा। इससे पहले भजनों की सरिता बहेगी। लोग भक्तिभाव से डुबकी लगाएंगे। आयोजक यूडीए उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने बताया कि मटकी फोडऩे वाले ग्रुप को 1 लाख रुपए का नगद इनाम दिया जाएगा। इस बार स्थानीय स्तर पर ही मटकी फोड़ी जाएगी। अब तक मुंबई की टोली मटकी फोड़ती थी।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें