झाडिय़ों में छुपकर पुलिस कर रही थी इंतजार कार में आया शराब तस्कर गिरफ्तार

33 हजार रुपए की 300 क्वार्टर देसी मसाला शराब और कार जब्त

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अवैध रूप से कार में शराब ले जा रहे नशे के सौदागर को पंवासा पुलिस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 1.35 बजे धरदबोचा। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने झाडिय़ों में छुपकर पहले उसका इंतजार किया और फिर जैसे ही कार आई पुलिस ने उसे धरदबोचा। उसके पास से 33 हजार रुपए कीमत की 300 क्वार्टर देसी मसाला शराब और कार जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पंवासा पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि लालपुर रोड की ओर से श्री सिंथेटिक्स की ओर एक कार आ रही है जो पंचक्रोशी रोड से होते हुए कानीपुरा की ओर जाएगी। इसके बाद एसआई गमर सिंह मंडलोई अपनी टीम के साथ नौलखी पार्क के पास पहुंचे और झाडिय़ों में छिप गए। कुछ ही देर में कार क्रमांक एमपी १३ सीसी २१८४ आते हुए दिखाई दी।
पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली तो उसमें कार की पिछली सीट पर ३०० क्वार्टर देसी मसाला शराब मिली। पुलिस ने कार चालक श्रेयश राव पिता सुभाष राव अवाड (३६) निवासी गायत्रीनगर से शराब परिवहन के संबंध में दस्तावेज मांगे तो उसके पास कोई कागजात नहीं मिले। जिसके बाद पुलिस ने शराब और कार जब्त करते हुए आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी श्रेयश राव के विरुद्ध माधवनगर और देवासगेट थाने में पूर्व से आम्र्स और आबकारी एक्ट के तहत दो प्रकरण दर्ज हैं।









