भगवान महाकाल की शरण में पहुंची अभिनेत्री साई मांजरेकर

नंदी हॉल से किया पूजन, मीडिया से बोलीं- यहां आकर अलग एनर्जी का अनुभव होता है

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी के आने का सिलसिला जारी है। मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री साई मांजरेकर ने मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद खुश नजर आईं। नंदी हॉल में पुजारी अर्पित शर्मा ने पूजन करवाया। इसके बाद नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना भी कही। दर्शन एवं पूजन के पश्चात साई ने मीडिया से भी बात की। उन्होंने अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा। महाकाल मंदिर में आकर शांति और एक अलग एनर्जी का अनुभव होता है। यह शांति केवल यहीं मिल सकती है।
महेश मांजरेकर की बेटी हैं साई
साई प्रसिद्ध अभिनेता महेश मांजरेकर की बेटी हैं। वह हिंदी, मराठी और तेलुगु भाषा की फिल्मों में काम करती हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में सलमान खान की फिल्म दबंग-3 से अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसके बाद वह तेलुगु फिल्म घनी (2022), मेजर (2022) और स्कंद (2023) में दिखाई दीं। साई की आने वाली फिल्म इंडिया हाउस है।








