गरबा पंडाल में चले लात-घूंसे… दो गुट भिड़े

महिलाओं पर फब्तियां कसने को लेकर खूनी तकरार… वीडियो वायरल, दो युवकों पर कार्रवाई
अक्षरविश्व न्यूज इंदौर। भक्ति और डांडिया की खनक के बीच रेसकोर्स रोड स्थित गरबा पंडाल बीती रात अचानक जंग का मैदान बन गया। गरबा देख रही महिलाओं पर कुछ मनचलों द्वारा कसी गई फब्तियों ने ऐसा बखेड़ा खड़ा किया कि बात गाली-गलौज से निकलकर सीधे लात-घूंसों पर आ टिकी। महिलाओं के साथ मौजूद परिजन और शोहदे आमने-सामने आ गए और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई, जिससे पंडाल में भगदड़ मच गई।
पंडाल में हुई इस गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। तुकोगंज टीआई जितेंद्र चौहान के मुताबिक, दो उपद्रवियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और आयोजकों को सख्त चेतावनी दी गई है। गरबा स्थलों पर महिला पुलिस बल की तैनाती के कड़े आदेशों के बावजूद हुई इस भिड़ंत ने सुरक्षा इंतजामात पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले अन्य चेहरों की पहचान में जुटी है।









