सूरज पूजन में नहीं आने पर भतीजी के ससुराल वालों ने पीटा

पत्नी और मां ने बीच-बचाव किया, महाकाल पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सूरज पूजन कार्यक्रम में नहीं आने को लेकर भतीजी के ससुराल वालों ने चाचा के साथ मारपीट की। घायल को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले में महाकाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
माली मंदिर के पास जयसिंहपुरा में रहने वाले ४६ वर्षीय घायल का नाम संतोष पिता रामेश्वर माली है। पुलिस ने बताया कि बुधवार को जयसिंहपुरा स्थित माली समाज की धर्मशाला में फरियादी संतोष माली के भाई राकेश की बेटी वंदना की पुत्री के सूरज पूजन का कार्यक्रम था। इसमें फरियादी को भी शामिल होना लेकिन विवाद के चलते वह कार्यक्रम में नहीं गए।
इसी से नाराज होकर बुधवार दोपहर करीब २ बजे वंदना का पति रोहित माली निवासी गणेश कॉलोनी, उसके पिता प्रकाश माली, रोहित के मामा और चाचा गुडा फरियादी संतोष माली के घर में घुसे और गाली-गलौच करने लगे। इसी दौरान रोहित ने ईंट सिर पर दे मारी जिससे संतोष घायल हो गए। शोर सुनकर संतोष की पत्नी भागवंती बाई और मां लीलाबाई ने बीच-बचाव किया। फरियादी चरक अस्पताल में भर्ती है। मामले में महाकाल पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।









