डंपर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

चिमनगंज पुलिस ने ट्रक जब्त किया, चालक फरार

उज्जैन। गरोठ रोड पर मंगलवार रात करीब ८.३० बजे बाइक सवार को तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने रौंद दिया। तत्काल उन्हें आरडी गार्डी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिमनगंज पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक फरार है। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक का नाम भूपेंद्र सिंह पंवार (५०) निवासी कदवाली है। उन्होंने गिरिराज कॉलोनी में मकान खरीदा है। वह बाइक से नए मकान पर जा रहे थे तभी गरोठ रोड पर डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर छोडक़र भाग निकला जिसे चिमनगंज पुलिस ने जब्त किया। बुधवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के परिजन भंवरसिंह राजावत ने बताया कि भूपेंद्र सिंह की पत्नी का पूर्व में ही निधन हो चुका है। माता-पिता का भी देहांत हो चुका है। वह अकेले ही अपने दो बच्चों का पालन पोषण करते थे।
वाहन की टक्कर से घायल
अक्षरविश्व न्यूज
उज्जैन। नीलगंगा क्षेत्र में कोर्ट की तारीख पर आया युवक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल का नाम धर्मेंद्र पिता घनश्याम वर्मा (२२) निवासी झोंकर (मक्सी) है। उसने बताया कि वह मंगलवार को कोर्ट में तारीख के चलते उज्जैन आया था। यहां रात को पैदल जा रहा था तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे वह घायल हो गया। उसे तत्काल चरक अस्पताल में भर्ती करवाया जहां इलाज चल रहा है।
बाइक स्लीप होने से घायल
उज्जैन। बेगमबाग का रहने वाले युवक बाइक काम पर जाने के दौरान बाइक स्लीप होने से घायल हो गया जिसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल का नाम अंकित पिता नंदकिशोर परमार निवासी बेगमबाग है।
उसने बताया कि वह मजदूरी करता है और मंगलवार दोपहर १.३० बजे काम पर जाने के लिए निकला था तभी लालपुल के पास अचानक बाइक स्लीप हो गई जिससे वह घायल हो गया। उसे चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।








