तराना हॉस्पिटल से लौट रहा कम्पाउंडर रोड किनारे खड़े डंपर में घुसा, मौके पर ही मौत

ड्यूटी से घर लौट रहे थे, चिमनगंज पुलिस ने जब्त किया डंपर

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चिमनगंज थाना क्षेत्र में बीती रात तराना हॉस्पिटल से ड्यूटी कर लौट रहे कम्पाउंडर कानीपुरा रोड पर रोड किनारे खड़े डंपर में घुस गए जिससे उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जब यह हादसा हुआ उस वक्त बारिश हो रही थी। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मृतक का नाम मुकेश पिता विश्वरूप श्रीवास (51) निवासी तिरुपतिधाम कॉलोनी है। उनके भाई मनीष श्रीवास ने बताया कि वह तराना हॉस्पिटल में कम्पाउंडर थे और रोज की तरह काम खत्म होने के बाद मंगलवार रात को बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान बारिश भी हो रही थी। जैसे ही मुकेश कानीपुरा रोड पर युगांतर स्कूल के सामने पहुंचे अंधेरा होने से वहां रोड किनारे खड़ा डंपर क्रमांक जीजे 09 एयू 6349 उन्हें नजर नहीं आया और वह उसमें घुस गए जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई जिसके बाद चिमनगंज पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने डंपर को जब्त करते हुए शव को चरक अस्पताल भिजवाया जहां बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
सडक़ों पर मौत बनकर दौड़ रहे डंपर
इन दिनों डंपर सडक़ों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। अंधाधुंध गति से दौड़ते इन डंपरों में से अधिकांश पर ना तो नंबर प्लेट होती है और ना ही रेडियम की पट्टी ताकि रात में यह दूर से नजर आए जाएं। इसके अलावा पुलिस भी इन पर कार्रवाई नहीं करती। जब कभी हादसा होता है तब पुलिस हरकत में आकर केवल इन्हें जब्त कर थाने में खड़ा कर देती है
डंपर पर नहीं थी रेडियम पट्टी
परिजनों का कहना है कि डंपर पर रेडियम की पट्टी भी नहीं लगी थी जिससे अंधेरे और बारिश के कारण मुकेश को डंपर नजर नहीं आया और वह बाइक सहित उसमें घुस गए। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। चिमनगंज पुलिस का कहना है कि डंपर जब्त कर लिया है लेकिन चालक फिलहाल
फरार है।









