इंदौर रोड से चिंतामन मंदिर आना-जाना होगा आसान

15 करोड़ रुपए से ब्रिज बनाने का रास्ता साफ, बारिश बाद ब्रिज बनाने के काम लगाएंगे दौड़

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सिंहस्थ के लिए बनने वाले सभी पुलों के टेंडर लगे सिर्फ 4 के खुलना बाकी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आने वाले सिंहस्थ में इंदौर रोड से चिंतामन गणेश मंदिर आना जाना आसान हो जाएगा। इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने से ही सिकंदरी गांव होते हुए लोग चिंतामन पहुंच सकेंगे। इसके लिए शिप्रा नदी पर 15 करोड़ रुपयों से फोरलेन ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके सहित शहर में बनने वाले 18 ब्रिज के काम तेजी से दौड़ लगाएंगे।

सिंहस्थ 2028 के लिए इस बार उज्जैन में 18 ब्रिज और ओवरब्रिज बनाने की तैयारी पूरी हो गई है। लोक निर्माण विभाग सेतु ने सभी के टेंडर कर दिए हैं और केवल चार टेंडर की प्रक्रिया पूरी करना बाकी है। बारिश तक टेंडर मंजूरी और वर्क ऑर्डर जारी करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ब्रिज निर्माण के काम तेजी से शुरू किए जा सकेंगे। मध्यप्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार सिंहस्थ के आयोजन को लेकर बेहद संजीदा है और भीड़ प्रबंधन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी पर फोकस किया है। पहली बार इसके लिए शहर में 18 ब्रिज बनाए जा रहे हैं। इनमें इंदौर रोड पर इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने त्रिवेणी हिल्स कॉलोनी से सिकंदरी गांव तक फोरलेन ब्रिज के लिए अब सेपरेट टेंडर 15.85 करोड़ रुपए का लगाया है। पहले दो पुलों के साथ ज्वाइंट टेंडर लगाया था। यानी पहले किसी एक ठेकेदार कंपनी को ब्रिज के काम सौंपे जाना थे, लेकिन अब अलग अलग ठेकेदार काम कर सकेंगे।

पहले ज्वाइंट टेंडर अब सेपरेट टेंडर: एसआर 24 रोड त्रिवेणी हिल्स से सिकंदरी तक फोरलेन ब्रिज के लिए पहले 30 करोड़ रुपए का ज्वाइंट टेंडर लगाया गया था। इसके साथ सावरखेड़ी ब्रिज का काम भी शामिल किया गया था। अब केवल एसआर 24 ब्रिज के लिए 15.85 करोड़ रुपए का टेंडर लगाया गया है। यह अब 18 जुलाई के बाद खुलेगा।

कॉलोनाइजरों के वारे न्यारे: चिंतामन क्षेत्र के लिए ब्रिज के माध्यम से कनेक्टिविटी बढऩे से कॉलोनाइजरों के वारे न्यारे हो गए हैं। इस क्षेत्र में ब्रिज के साथ सडक़ों का नेटवर्क भी बेहतर हो रहा। इससे जमीनों की कीमतें बढ़ गई हैं और कॉलोनियों में प्लॉट भी महंगे हो रहे।
इन पुलों को बनाने की तैयारी पूरी

सिंहस्थ के लिए शहर में 18 ब्रिज और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। फ्रीगंज में नया फोरलेन ब्रिज बनाने के लिए अहमदाबाद की चेतन कंस्ट्रक्शन कंपनी को वर्क ऑर्डर दिया जा चुका है। शिप्रा नदी पर अंगारेश्वर से सिद्धवट, भैरवगढ़ से पिपलीनाका तक, राणो जी छतरी से रणजीत हनुमान मंदिर, नृसिंहघाट पुल के समानांतर नया ब्रिज, सावराखेड़ी में नया टू लेन ब्रिज, होटल अथर्व के सामने गऊघाट पर पुल, भूखीमांता मंदिर से कर्कराज मंदिर तक पुल निर्माण और तपोभूमि से हामुखेड़ी पुल के टेंडर खुल चुके हैं और आगे की प्रक्रिया चल रही है। रामघाट पर छोटी रपट ब्रिज, लालपुल के समानांतर ब्रिज, पंचकोसी मार्ग पर लालपुर ओवरब्रिज, मक्सी रोड में नया टू लेन ब्रिज बनाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। इस कारण बारिश बाद सभी काम तेजी से शुरू होने की संभावना है।

Related Articles