सेंव में मिलाकर रखी थी चूहेमार दवा, युवती ने अंजाने में खा ली, तीन भाइयों की इकलौती बहन की मौत

पीएम के बाद शव परिजनों को सौंपा, बेटी की मौत से सदमे में परिवार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नागदा ही रहने वाली युवती ने घर में चूहेमार दवा मिलाकर रखी सेंव अंजाने में खा ली। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। वह तीन भाइयों की इकलौती बहन थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतका का नाम अनामिका उर्फ अन्नू पिता मधुकर जैन (18) निवासी राम मंदिर के पास, नागदा है। उसके भाई राजा जैन ने बताया कि घर में चूहे होने के कारण गैस चूल्हे के नीचे सेंव में चूहामार दवा मिलाकर रखी थी, जिसे चूहों ने बाहर निकाल दिया था। गुरुवार शाम करीब 5 बजे उसने अंजाने में वह सेंव खा ली। कुछ देर बाद हालत बिगड़ी तो परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे चरक अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अनामिका के जाने से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्हें समझ ही नहीं आ रही कि हमेशा मुस्कुराती रहने वाली अनामिका उन्हें हमेशा के लिए छोडक़र जा चुकी है।
मां का पहले हो चुका निधन
मृतका अनामिका के भाई राजा ने बताया कि उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। पिता सर्विस सेंटर पर गाडिय़ां धोने का काम करते हैं। तीन भाइयों की वह इकलौती बहन थी। एक भाई साधु बन चुका है।










