2 मिनट में लॉक तोडक़र बाइक चुराने वाले दो शातिर चोरों पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, बिना नंबर की बाइक पर आए थे

उज्जैन। मालनवासा स्थित अवंतिका पुरी कॉलोनी में महज बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने वालों दो शातिर चोरों के खिलाफ घटना के तीन दिन बाद नागझिरी पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। अब उनकी तलाश की जा रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जानकारी के मुताबिक मालनवासा स्थित अवंतिकापुरी कॉलोनी में रेखा पति प्रकाश चौहान रहती हैं जो मालनवासा आंगनवाड़ी में कार्यकर्ता हैं। उनके घर पर पल्सर बाइक क्रमांक एमपी 13 जेडएच 8648 है जो उनके पति प्रकाश पिता अंबाराम चौहान और बेटा चलाता है। ३ जुलाई को दोपहर घर के बाहर खड़ी बाइक को दो शातिर चोर 1 मिनट 50 सेकंड में लॉक तोडक़र ले उड़े। उन्होंने बाइक की काफी तलाश की लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो नागझिरी थाने में शिकायत की। वारदात के तीन दिन बाद सोमवार को पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया है। अब वाहन चोरों की तलाश की जा रही है।
पहले चक्कर लगाए, फिर दिया वारदात को अंजाम
घटना का 2 मिनट 19 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसमें ३ जुलाई को दोपहर 1.37 बजे बिना नंबर की बाइक से दो चोर घर के सामने से निकलते हैं और बाइक को पहले टारगेट करते हैं। कुछ सेकंड बाद दोनों वापस लौटते हैं और आगे जाकर खड़े हो जाते हैं। बाइक चला रहा शख्स वहीं खड़ा रहता है, जबकि पीछे बैठा शख्स उतरता है और बाइक के पास जाकर पहले दो तारों को जोडक़र उसे स्टार्ट करता है तो फिर पैर से लॉक तोडक़र बाइक को लेकर दोनों वहां से रफूचक्कर हो जाते हैं। इस वारदात को अंजाम देने में चोरों को महज 1 मिनट 50 सेकंड का वक्त लगा था।










