6 लाख भक्तों ने किए राजाधिराज के सवारी में दर्शन

लाव-लश्कर और वैभव के साथ निकली भगवान श्री महाकालेश्वर की चौथी सवारी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। भगवान श्री महाकालेश्वर की श्रावण माह की चौथी और आखिरी सवारी सोमवार को पूरे लाव-लश्कर और वैभव के साथ निकली। फूलों से सजी चांदी की पालकी में भगवान चंद्रमौलेश्वर, हाथी पर श्री मनमहेश, गरुड़ रथ पर श्री शिव-तांडव और बैलगाड़ी में नंदी पर विराजमान होकर श्री उमा-महेश स्वरूप में भगवान ने अपनी प्रजा का हाल जाना। भक्त भी अपने बीच अपने आराध्य को देखकर धन्य हो गए। सवारी निकलने से पहले मंदिर के सभामंडप में भगवान चंद्रमौलेश्वर का पूजन परिवहन व स्कूल शिक्षा मंत्री उदयप्रताप सिंह ने किया। पूजन पं. घनश्याम शर्मा ने संपन्न करवाया। मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। 6 लाख भक्तों ने सवारी के दर्शन किए।
एक झलक पाकर धन्य हुए भक्त
पालकी जैसे-जैसे भक्तों के बीच पहुंची भक्ति का उत्साह हिलोरे लेने लगा। बेसब्री से सडक़ों के दोनों ओर खड़े श्रद्धालु बाबा महाकाल की एक झलक पाकर धन्य हो गए। उन्होंने राजाधिराज भगवान महाकाल का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।









