दो फ्लाईओवर ब्रिज के लिए केंद्र से 526 करोड़ रुपए की मंजूरी

अब तैयार हो रही जीएडी, भोपाल में प्रेजेंटेशन के बाद तय होगा ले आउट
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन से कानीपुरा होते गोलवा तक रोड होगी टू लेन, 133 करोड़ रुपए की स्वीकृति
सुधीर नागर उज्जैन। सिंहस्थ से पहले उज्जैन में दो फ्लाई ओवर ब्रिज(एलिवेटेड ब्रिज) बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 526 करोड़ रुपए की मंजूरी जारी कर दी है। केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसका विधिवत पत्र भेज दिया है और सरकार इनको बनाने की तैयारी में जुट गई है। फिलहाल दोनों की जीएडी तैयार हो रही है। राज्य सरकार की हरी झंडी मिलने के बाद ही बनाने की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर ये योजनाएं तैयार हो रही हैं।
महाकाल नगरी उज्जैन में ये पहले दो लंबे फ्लाई ओवर ब्रिज होंगे जिससे यह शहर महानगर की दिशा में कदम आगे बढ़ा देगा। केंद्र ने आगर रोड से इंदौर गेट तक 3.70 किलोमीटर लंबा फोरलेन ब्रिज बनाने के लिए 445.20 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है जबकि निकास चौराहा से इंदौरगेट तक 1.20 किलोमीटर लंबा टू लेन ब्रिज बनाने के लिए 81.29 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है।
सीआरआईएफ (सेंटर फॉर रिसर्च इन इंटरनेशनल फाइनेंस) योजना के तहत ये प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं। इसके पहले निकास से इंदौरगेट तक के फ्लाईओवर को निरस्त करने का प्रस्ताव भी आगे बढ़ा था, लेकिन सरकार ने दोनों फ्लाईओवर बनाने का निर्णय किया। मंत्रालय के अंडर सेक्रेट्री शशि भूषण कुमार ने ये पत्र विभिन्न शर्तों के साथ जारी किया है। केंद्र ने उज्जैन से कानीपुरा और तराना होते हुए गोलवा में शाजापुर रोड तक 46 किलोमीटर लंबी रोड के लिए 133 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी जारी कर दी है, जिससे इस रोड के टू लेन बनाने का रास्ता साफ हो गया है।
भोपाल में चल रही कवायद
दोनों फ्लाई ओवर के लिए डीपीआर बनाने का काम चल रहा है। सूत्रों के अनुसार अभी इसकी जीएडी फाइनल की जा रही है। इसके अनुसार तकनीकी डिजाइन और ले आउट तैयार होगा। इसका अभी सरकार के सामने प्रेजेंटेशन होना है। इसमें सभी पहलुओं पर विचार कर निर्णय लिए जाएंगे।
इंदिरानगर चौराहा से शुरू होगा फोरलेन फ्लाईओवर!
सबसे ज्यादा कवायद आगर रोड से इंदौर गेट तक बनने वाले एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर चल रही है। पहले इसे मकोडिया आम नाका चौराहा से बनाने की योजना थी लेकिन केंद्र के पत्र में चिमनगंज चौराहा से इंदौरगेट और नीलगंगा चौराहा 2 लेन होते बनाने का जिक्र है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार इंदिरानगर चौराहा से इंदौरगेट तक इसे बनाने की योजना है।
एक फोरलेन दूसरा टू लेन फ्लाईओवर
फोरलेन फ्लाईओवर
445.26 करोड़ रुपए: चिमनगंज मंडी चौराहा से इंदौरगेट नीलगंगा टू लेन के साथ बनाने के लिए।
3.70 किलोमीटर इसकी लंबाई होगी। यह फोरलेन होगा।
टू लेन फ्लाईओवर
81.29 करोड़ रुपए: निकास चौराहा से इंदौरगेट तक टू लेन फ्लाईओवर बनेगा।
इसकी लंबाई 1.20 किलोमीटर होगी।
अभी योजना हो रही तैयार
आगर रोड से इंदौर गेट और निकास चौराहा से इंदौर गेट तक फ्लाईओवर ब्रिज बनाने की योजना तैयार हो रही है। इसके लिए भोपाल में उच्च स्तर पर काम चल रहा। कल केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का पत्र मिल चुका है।
योगेंद्र बगोले, मुख्य अभियंता, पीडब्ल्यूडी उज्जैन










