सिंहस्थ 2028: हरिद्वार के बाद नासिक में देखेंगे कामकाज

संभागायुक्त, कलेक्टर और निगमायुक्त पहुंचे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सिंहस्थ-2028 को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए उज्जैन के बड़े अफसर कैबिन से निकलकर मैदानों की ओर दौडऩे लगे हैं। तैयारियों को पुख्ता करने में कागजी ज्ञान से ज्यादा व्यवहारिक नॉलेज की जरूरत है, ऐसे में अफसर अब उन शहरों की तरफ जा रहे हैं, जहां कुंभ या सिंहस्थ का आयोजन होता है। इसी कड़ी में हरिद्वार के बाद नासिक का दौरा किया जा रहा है। संभागायुक्त आशीषसिंह के आने के बाद सिंहस्थ की तैयारियां तेज हो गई है।
जमीनी पकड़ रखने वाले सिंह ने स्थानीय स्तर पर निर्माण कार्यों का मुआयना करना शुरू किया है। नियमित बैठकें चालू की हैं। नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं और इनसे तैयारियां करवा रहे हैं। कागजी प्लान से ज्यादा धरातल पर जाकर तैयारियों को परखने वाले आशीष सिंह ने सिंहस्थ और कुंभ आयोजन वाले शहरों का मुआयना भी शुरू किया है। इस कड़ी में वह प्रयागराज, लखनऊ और हरिद्वार जा चुके हैं। बुधवार को वह कलेक्टर रौशनकुमार सिंह, निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा के साथ नासिक रवाना हुए।
प्रयागराज और हरिद्वार से यह सीखा
प्रयागराज के क्राउड मैनेजमेंट और कुंभ की ब्रांडिग का तरीका उम्दा था। यहां मेला प्रशासन ने आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए एआई की मदद भी ली थी। हरिद्वार में तरीका पांरपरिक ही है लेकिन वहां घाट बड़े क्षेत्र में फैले हैं। इसी अनुसार उज्जैन में भी 29 किलोमीटर लंबाई में घाट बनाए जा रहे हैं। यह त्रिवेणी से शुरू होंगे और सिद्ववट के पास तक बनेंगे। नदी के दोनों तटों पर बनने वाले घाट तक पहुंचने के लिए एक तरफ से फोरलेन भी बनाया जाएगा। दूसरा तट बीच-बीच में सहायक सड़क से कनेक्ट होगा।
क्या देखेंगे
नाशिक में उज्जैन सिंहस्थ से ठीक एक साल पहले 2027 में सिंहस्थ होगा। महाराष्ट्र सरकार सिंहस्थ आयोजन की तैयारी में जुटी हुई है। नाशिक में दो भागों में मेला आयोजन होता है। पहला नाशिक शहर और दूसरा त्र्यंबकेशवर में। दो भागों में मेला आयोजन होने से व्यवस्था भी अलग-अलग होती है। ऐसे में वहां की तैयारियों को अफसर परखेंगे।
उज्जैन में तो सिंहस्थ की तैयारी कर ही रहे हैं, सिंहस्थ/कुंभ आयोजन वाले शहरों में जाकर भी तैयारी देख रहे हैं। प्रयागराज-लखनऊ, हरिद्वार का दौरा हो चुका है, अब नाशिक में उनकी गुड प्रैक्टिस देख रहे हैं। इन प्रैक्टिस को उज्जैन सिंहस्थ में लागू करेंगे।
रौशनकुमार सिंह, कलेक्टर









