Advertisement

भस्मार्ती में महाकाल से मिलने पहुंचे श्री हरि, सुबह गर्भगृह में हरिहर मिलन

चतुर्दशी की रात 12 बजे गोपाल मंदिर में श्रीहरि से मिलने लाव लश्कर के साथ पहुंचे थे महाकाल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। बैकुंठ चतुर्दशी पर महाकाल मंदिर में भी हरिहर मिलने का अनूठा आयोजन हुआ। श्री हरि भगवान विष्णु भस्मार्ती में भगवान महाकाल से मिलने पहुंचे। श्री हरि की अगवानी ने भगवान महाकाल ने तुलसी माला धारण की और वैष्णव तिलक लगाया। मंदिर परंपरानुसार दोनों का मिलन हुआ।

भस्मार्ती के पहले श्री विष्णु की प्राचीन प्रतिमा को महाकाल मंदिर के पूजन घर से पुजारीगण गर्भगृह तक लेकर आए। साल में सिर्फ एक बार उन्हें गर्भगृह तक लाया जाता है। उनके साथ लड्डू गोपाल, मां लक्ष्मी की प्रतिमा को भी गर्भगृह तक लाया गया। गर्भगृह के द्वार पर भगवान महाकाल की ओर से उनकी अगवानी पुजारियों ने की। बाद में उन्हें भगवान महाकाल के साथ विराजित कर भस्मारती की गई। भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित कर भोग लगाया गया।

Advertisement

देवशयनी से सृष्टि का भार संभालते हैं शिव

मान्यतानुसार देवशयनी एकादशी से देवउठनी एकादशी तक भगवान विष्णु पाताल लोक में राजा बली के यहां विश्राम करने जाते हैं, इसलिए उस समय संपूर्ण सृष्टि की सत्ता का भार भगवान शिव के पास होता है। यही भार लौटाने के लिए भगवान महाकाल, गोपाल मंदिर में आते है। उज्जैन में इस परंपरा का निर्वहन 116 साल (1909 से समारोहपूर्वक किया जा रहा है।

Advertisement

मंत्रोच्चार के बीच करीब एक घंटे तक चला पूजन

सोमवार रात 11 बजे हरिहर मिलन के लिए महाकाल मंदिर से सवारी निकली। गुदरी बाजार, पटनी बाजार होते हुए गोपाल मंदिर पहुंची। जहां गोपाल मंदिर और महाकाल मंदिर के पुजारियों ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव और विष्णु का मिलन कराया। चातुर्मास शुरू होते ही संभाली सत्ता पुन: भगवान विष्णु को सौंपने के लिए भगवान महाकाल खुद लाव लश्कर (सवारी में) के साथ गोपालजी के पास पहुंचे। मंत्रोंच्चार के बीच करीब १ घंटे पूजन चला। भगवान शिव की बेलपत्र की माला भगवान विष्णु को और भगवान विष्णु की तुलसी की माला भगवान महाकाल पहनाकर सत्ता का परिवर्तन किया गया। इस दौरान दोनों ही देवताओं को एक-दूसरे की प्रिय वस्तुओं का भोग लगाया गया।

युवक ने पटाखे फोड़े, पुलिस ने पीटा, वीडियो हुआ वायरल
हरिहर मिलन में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने पटाखे फोड़ दिए। इसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने युवक को पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई की। इस बीच युवक ने भागने की भी कोशिश की लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण वह भाग नहीं सका। इस घटना का 43 सेकंड का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर, महाकाल पुलिस ने भी हुड़दंग करने वाले चार युवकों को पकड़ा है।

Related Articles