प्रोटोकॉल ऑफिस नीलकंठ द्वार पर शिफ्ट एक और डिप्टी कलेक्टर को मंदिर से जोड़ा

नए साल के लिए बदल रही महाकाल मंदिर की व्यवस्थाएं
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में न्यू ईयर के मौके पर आने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति ने कई व्यवस्थाओं में बदलाव किया है। मंदिर का प्रोटोकॉल ऑफिस नीलकंठ द्वार पर शिफ्ट किया है। साथ ही बेहतर व्यवस्थाओं के लिए एक और डिप्टी कलेक्टर को मंदिर से जोड़ा गया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर का प्रोटोकॉल ऑफिस अब नीलकंठ द्वार पर शिफ्ट कर दिया गया। बेगमबाग से नीलकंठ द्वार में प्रवेश करते ही प्रोटोकॉल ऑफिस नजर आ जाएगा। यहां पहले क्रिस्टल सिक्युरिटी कंपनी का दफ्तर था। शनिवार से यह बदलाव किया गया है।
दर्शनार्थियों को भटकना नहीं पड़ेगा
पहले प्रोटोकॉल कार्यालय फेसिलिटी 2 भवन में था। जहां तक पहुंचने में प्रोटोकॉल दर्शनार्थियों को परेशानी आती थी। खासकर बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को कार्यालय तक पहुंचना मुश्किल होता था। नई व्यवस्था से प्रोटोकॉल कार्यालय तक पहुंचने में आसानी होगी। यहीं पर पार्किंग होने के कारण दर्शनार्थियों को वाहन पार्क करने में भी सुविधा होगी। नीलकंठ द्वार से ही मंदिर प्रशासन ने जरूरतमंद दर्शनार्थियों (बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग) के लिए ई-कार की व्यवस्था भी की है। जिससे उन्हें शंख द्वार और मानसरोवर प्रवेश द्वार तक पहुंचाने और लाने में सहयोग किया जाता है। ऐसे में प्रोटोकाल दर्शनार्थियों को भी ई-कार से सीधे शंख द्वार (प्रोटोकाल प्रवेश द्वार) तक पहुंचने में आसानी होगी।
डिप्टी कलेक्टर को मंदिर से जोड़ा
महाकाल मंदिर की व्यवस्था संभालने के लिए एसडीएम कोठी महल पवन बारिया को मंदिर से जोड़ा गया है। सूत्रों के मुताबिक फिलहाल वे लड्डू निर्माण यूनिट, अन्नक्षेत्र और महाकाल लोक की व्यवस्था देख रहे हैं।
नए साल पर रागी और बेसन लड्डू की पर्याप्त रहेगी आपूर्ति
महाकाल मंदिर में नए साल (25 दिसंबर से 5 जनवरी) के दौरान भगवान महाकाल के दर्शन करने आने वाले भक्तों को लड्डू प्रसाद के लिए बिल्कुल भी परेशान नहीं होना पड़ेगा। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्री अन्न रागी और बेसन के लड्डू का प्रचुर मात्रा में स्टॉक किया जा रहा है। यह पहला अवसर होगा जब नए साल के मौके पर दर्शनार्थियों को भगवान महाकाल के भोग प्रसाद (बेसन के लड्डू) के साथ-साथ श्री अन्न (रागी) का लड्डू प्रसाद खरीदने का मौका मिलेगा। भीड़ भरे माहौल में प्रसाद की कमी नहीं आए इसके लिए मंदिर समिति ने अभी से प्रसाद का स्टॉक शुरू कर दिया है। मंदिर समिति ने बेसन और रागी के लड्डू का विक्रय मूल्य समान 400 रुपये प्रति किलो ही तय किया है। दोनों ही प्रकार के लड्डू 100 ग्राम, 200 ग्राम तथा 500 ग्राम के पैक में विक्रय कर रही है, जिनका मूल्य क्रमश: 50, 100 व 200 रुपए है।
सिक्योरिटी का ऑफिस अब धनुष द्वार पर
नीलकंठ द्वार पर बना सिक्योरिटी कंपनी का कार्यालय अब धनुषद्वार पर शिफ्ट किया गया है। जो कि महाकाल लोक द्वार (त्रिवेणी गेट) के थोड़ा आगे है। यहां पर सिक्योरिटी कर्मचारियों को पहुंचने और वाहन पार्किंग में भी आसानी होगी।
सुलभ दर्शन व्यवस्था के लिए हो रहे प्रयास
महाकाल मंदिर में सुलभ दर्शन व्यवस्था के लिए मंदिर समिति कई प्रयास कर रही है। इसी के तहत प्रोटोकॉल कार्यालय बदला गया है। इससे दर्शनार्थियों को सुविधा होगी।
-आशीष फलवाडिय़ा, सहायक प्रशासक, महाकाल मंदिर










