15 घंटे बाद भी जेल से भागे विचाराधीन कैदियों का सुराग नहीं

मेंटेनेंस काम की आड़ लेकर सीढ़ी के सहारे फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
11 महीने में कैदियों के भागने की दूसरी घटना
उज्जैन/खाचरौद। खाचरौद उपजेल से मेंटेनेंस काम की आड़ में सीढ़ी के सहारे २० फीट ऊंची दीवार से कूदकर फरार हुए हत्या, दुष्कर्म और अपहरण के तीन आरोपियों का 15 घंटे बाद भी सुराग नहीं मिल सका। घटना से उपजेल प्रशासन सकते में है। उपजेल में इन दिनों मेंटेनेंस का काम चल रहा है। इसी में पुताई भी की जा रही है। पुताई में सीढ़ी का उपयोग हो रहा है। हर दिन काम पूरा होने के बाद सीढ़ी को बैरक में रख दिया जाता है। गुरुवार शाम 7 बजे भी काम खत्म हो चुका था। सीढ़ी भी बैरक में रख दी गई थी लेकिन भाटपचलाना थाने के चंदवासला का नारायण पिता भेरुलाल जाट, मालाखेड़ी के गोपाल पिता बापूलाल और नागदा के जवाहर मार्ग निवासी गोविंद पिता आशाराम ने बैरक का ताला खोलकर सीढ़ी निकाल ली। तीनों विचाराधीन बंदी हैं। नारायण दुष्कर्म, गोविंद हत्या और गोपाल अपहरण का आरोपी है।
तीनों बंदियों ने सीढ़ी को दीवार से सटाया और 20 फीट ऊंची दीवार पर चढ़कर दूसरी ओर कूदकर फरार हो गए। शाम को जब कैदियों की गिनती शुरू हुई तो तीनों नहीं दिखे जिसकेबाद इनकी तलाश शुरू की गई। महिला वार्ड के पास सीढ़ी देख तीनों के भागने की पुष्टि हुई तो खाचरौद थाने को सूचना दी गई । थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकडऩे के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
रामचंद्र हत्याकांड में बंद था गोविंद
10 मार्च को बेरछा रोड स्थित निर्माणाधीन मकान में ई-ब्लॉक निवासी 55 वर्षीय रामचंद्र हंस की बालू में दबी लाश मिली थी। 12 मार्च को इस मामले में पुलिस ने जवाहर मार्ग निवासी गोविंदराम पिता आशाराम और श्रीराम कॉलोनी निवासी पवन परमार को गिरफ्तार किया था। तब से गोविंद उपजेल में बंद था। 11 महीने में यह दूसरी बार है कि जब खाचरौद उपजेल से कैदी फरार हुआ है। जनवरी 2025 में शराब कंपनी कार्यालय से 18 लाख रुपए की लूट करने वाला ग्वालियर का रोहित शर्मा भाग निकला था। जेल प्रहरी राजेश श्रीवास्तव और नितिन दलोदिया उसे इलाज के लिए रतलाम के फिजियाथैरेपी सेंटर ले गए थे। वह यहीं से फरार हो गया था।
उपजेल के वार्ड में सीढ़ी सहित अन्य सामान रखा था। आरोपियों ने धोखे से चाबी हासिल कर सीढ़ी निकाली और दीवार से लगाकर फरार हो गए है। उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। खाचरौद पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
– नवीन निनामा
जेलर, उपजेल खाचरौद
खाचरौद उपजेल से सूचना मिलने के बाद दो टीमें आरोपियों को पकडऩे के लिए लगाई हैं। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चला है।
– आकांक्षा बिछोटे
एसडीओपी, खाचरौद









