दर्शन, सुरक्षा और क्राउड मैनेजमेंट को लेकर कलेक्टर का निरीक्षण

निर्माण एजेंसियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
देर रात तक मंदिर में चलता रहा अफसरों का निरीक्षण
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। नववर्ष पर भगवान महाकाल के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं के आने के अनुमान के चलते कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने बेहतर दर्शन व्यवस्था के लिए शुक्रवार को मंदिर परिसर के साथ श्री महाकाल लोक के अंदर और बाहर का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने दर्शन मार्ग, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं महाकाल लोक में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित निर्माण एजेंसियों को समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए ताकि आने वाले दर्शनार्थियों को किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। इस अवसर पर मंदिर प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा, उप प्रशासक एसएन सोनी आदि उपस्थित रहे। इधर, कलेक्टर के बाद मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक भी श्रद्धालुओं की एंट्री और एग्जिट पॉइंट का निरीक्षण किया।
भस्मार्ती की ऑनलाइन बुकिंग बंद
मंदिर प्रशासन ने दर्शन और भस्मार्ती व्यवस्थाओं में कई बदलाव किए हैं। इसके तहत 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक भस्मार्ती की ऑनलाइन बुकिंग बंद कर दी गई है। इस अवधि में श्रद्धालु ऑफलाइन माध्यम से ही भस्मार्ती की बुकिंग करवा सकेंगे। हालांकि नववर्ष के पहले दिन 1 जनवरी को होने वाली भस्मार्ती के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों बुकिंग बंद कर दी है।
होर्डिंग्स और फ्लैक्स लगाएंगे
दर्शन मार्ग, मंदिर परिसर में जूता स्टैंड, वाहन पार्किंग, लड्डू प्रसाद काउंटर, फस्र्ट एड, पीने के पानी के दिशा-निर्देशन के फ्लैक्स व होर्डिंग्स लगाए जाएंगे। लड्डू प्रसाद आसानी से मिले इसलिए बड़ा गणेश मंदिर, विक्रमादित्य टीले के पास एवं जरूरत के मुताबिक अन्य विशेष काउंटर बनाए जाएंगे।
सीसीटीवी कैमरों से रखेंगे नजर
दर्शन मार्ग एवं मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे नजर रखी जाएगी। इसके अलावा भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा पूछताछ एवं सहायता केंद्र, खोया-पाया केंद्र के अस्थायी काउंटर संचालित किया जाएगा। कर्कराज, भील समाज धर्मशाला, कलोता समाज धर्मशाला, कार्तिक मेला ग्राउंड, मेघदूत पार्किंग और हरिफाटक ब्रिज के नीचे वाहन पार्क होंगे।
यहां तैनात रहेगा स्वास्थ्य अमला
मानसरोवर भवन, त्रिवेणी मंडपम्, श्री महाकाल लोक कंट्रोल रूम, मंदिर परिसर, निर्गम द्वार के समीप, फैसेलिटी सेंटर, हरसिद्धि चौराहा, चारधाम मंदिर पार्किंग स्थल पर 24 घंटे डॉक्ट्र्स, एम्बुलेंस और ऑक्सीजन की सुविधा के लिए सीएमएचओ द्वारा औषधि एवं स्टाफ की व्यवस्था रहेगी।
इधर, पुलिस सतर्क और एडीजी ने दिए निर्देश
31 दिसंबर और नववर्ष को लेकर पुलिस भी सतर्क हो गई है। शुक्रवार को एडीजी उमेश जोगा और डीआईजी नवनीत भसीन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उज्जैन रेंज के जिलों उज्जैन, देवास, शाजापुर एवं आगर मालवा की कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत एवं सघन पेट्रोलिंग करने और जरूरत के मुताबिक फिक्स पिकेट/पॉइंट लगाने के निर्देश दिए। आवश्यकता अनुसार फिक्स पिकेट/प्वाइंट लगाए जाएं।
यह भी दिए निर्देश
सार्वजनिक स्थलों जैसे होटल, रेस्टोरेंट, रिसोर्ट, ढाबा, बाजार, पार्क, मॉल एवं धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस की प्रभावी तैनाती की जाए।
महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, मॉल एवं बाजार क्षेत्रों में एंटी-सैबोटाज चैकिंग करवाई जाए।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखें तथा नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध ब्रीथ एनालाइजर से जांच करें।
नए साल की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखते हुए साक्ष्य अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए
पिकनिक स्पॉट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। नदी, डेम एवं जलाशयों के समीप स्थित पिकनिक स्पॉट्स पर मोटर बोट, गोताखोर एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की जाए।
छात्रावासों में जाकर संबंधित स्टाफ एवं विद्यार्थियों को नववर्ष पर सुरक्षा, अनुशासन एवं कानून पालन के संबंध में समझाइश दी जाए।
किसी भी प्रकार के हथियार लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा एवं उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तेज स्पीड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए।
नववर्ष के आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण न हो, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा ध्वनि प्रदूषण करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।









