रामा और श्यामा तुलसी इस दिशा में लगाएं, माता लक्ष्मी की बरसेगी कृपा

तुलसी के पौधे में माता लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में इसे घर में रखने से बेहद शुभ फल की प्राप्ति होती है। तुलसी के कई प्रकार होते हैं, लेकिन आमतौर पर घरों में रामा और श्यामा तुलसी देखने को मिलती है। वास्तु के अनुसार इन्हें सही दिशा में रखना बेहद जरूरी होता है। इससे परिवार के सदस्यों पर माता लक्ष्मी की कृपा बरस सकती है और गरीबी भी दूर हो सकती है। आइए विस्तार से जानें की रामा और श्यामा तुलसी को किस दिशा में लगाना चाहिए, इससे जुड़े वास्तु नियम और लाभों के बारे में।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
किस दिन लगाएं?
कुछ विशेष दिनों पर रामा और श्यामा तुलसी का पौधा घर में लगाना बहुत शुभ माना जाता है। इससे घर का माहौल खुशनुमा बना रहता है। मान्यता है कि पूर्णिमा तिथि, मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार के दिन घर में तुलसी लगाने से बेहद पुण्य फल की प्राप्ति होती है। वहीं, शुक्ल पक्ष में भी इसे लगाना उत्तम माना गया है, लेकिन ख्याल रखें की शुक्ल पक्ष में भी इन तिथियों पर ही रामा और श्यामा तुलसी घर में लगानी चाहिए। ऐसा करने से परिवार के सदस्यों के जीवन में तरक्की के नए मार्ग खुल सकते हैं।
कब नहीं लगानी चाहिए
मान्यता है कि भूलकर भी कुछ तिथियों पर तुलसी घर में नहीं लगानी चाहिए। ऐसा करने से जातक के घर और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। तुलसी को एकादशी, शनिवार, रविवार और अष्टमी तिथि के दिन लगाना वर्जित माना गया है। ऐसा करने से माता लक्ष्मी रुष्ट हो सकती हैं। ऐसे में जातक को जीवन में कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है और आर्थिक तंगी भी आ सकती है। ऐसे में तुलसी लगाते समय दिन का ख्याल विशेष तौर पर रखना चाहिए।
किस दिशा में लगाएं?
वास्तु के अनुसार रामा और श्यामा दोनों ही तुलसी के प्रकार को घर पर लगाना बेहद शुभ होता है। इससे घर में सकारात्मकता बनी रहती है, लेकिन इसे सही दिशा में रखना बेहद जरूरी होगा। वास्तुशास्त्र के मुताबिक, तुलसी को ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना सबसे उत्तम होता है। ऐसा संभव न होने पर आप उत्तर या पूर्व दिशा में भी श्माया और रामा तुलसी का पौधा लगा सकते हैं। साथ ही, रोजाना तुलसी के पास एक दीपक जरूर जलाना चाहिए। इससे मां लक्ष्मी की कृपा प्राप्त हो सकती है।
दोनों ही तुलसी को साफ स्थान पर रखना चाहिए। साथ ही, उस जगह की नियमित साफ-सफाई अवश्य करें। गंदगी वाले स्थान पर तुलसी रखने से माता लक्ष्मी रुष्ट हो सकती हैं।
भूलकर भी घर में तुलसी का ऐसा पौधा नहीं रखना चाहिए जिसके पत्ते पूरी तरह सूख गए हों, क्योंकि जिस प्रकार हरा-भरा पौधा घर में सुख-समृद्धि लाता है, उसी प्रकार घर में सूखा पौधा रखने से दरिद्रता आ सकती है।
तुलसी को भूलकर भी रविवार और एकादशी तिथि के दिन स्पर्श नहीं करना चाहिए। साथ ही, इन दिनों में तुलसी के पौधे में जल भी नहीं डालना चाहिए।
वास्तु के अनुसार, तुलसी के पवित्र पौधे को गलती से भी टॉयलेट या बाथरूम के पास नहीं रखना चाहिए। ऐसा करने से जातक को घर में कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
घर में लगाने के लाभ
वास्तु और ज्योतिषशास्त्र में तुलसी के पौधे को बहुत पवित्र माना गया है। दोनों ही तुलसी के प्रकार घर में लगाने से आसपास से नकारात्मकता दूर रहती है। तुलसी भगवान विष्णु को बेहद प्रिय है क्योंकि, इसमें माता लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे में इस पौधे को घर में लगाने से माता लक्ष्मी के साथ-साथ भगवान विष्णु की भी कृपा प्राप्त हो सकती है। साथ ही, जातक को गरीबी से मुक्ति मिल सकती है और घर की आर्थिक स्थिति मजबूत होने लगती है। वास्तु के नियमों का ख्याल रखकर तुलसी का पौधा लगाने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।









