Advertisement

दूरबीन और ड्रोन से निगरानी, अनाउंसमेंट से समझाइश

मकर संक्रांति कल… प्रतिबंधित चायना डोर के खिलाफ एक्शन में पुलिस, बच्चों को दिलाई शपथ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मकर संक्रांति में एक दिन शेष है। बाजार में पतंग और मांझा खरीदने के लिए पतंगबाजों की भीड़ उमड़ रही है। इंदौर में चायना डोर से गला कटने से हुई मौत के बाद पुलिस ने भी सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को महाकाल पुलिस ने तोपखाना और बेगमबाग क्षेत्र अनाउंसमेंट कर प्रतिबंधित चायना डोर का इस्तेमाल नहीं करने की बात कही। इसके अलावा छतों पर पहुंचकर ड्रोन और दूरबीन के माध्यम से निगरानी भी की गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि पैरेंट्स चैक करें कि घर में कोई चायना डोर से पतंग तो नहीं उड़ा रहा। यदि ऐसा पाया गया तो उस पर एक्शन लिया जाएगा। इस दौरान बच्चों को जानलेवा डोर से पतंग नहीं उड़ाने की शपथ दिलवाई।

दरअसल, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने चायना डोर के इस्तेमाल, बेचने और भंडारण करने पर प्रतिबंध लगाया है। बावजूद इसके मौत की इस डोर के कारण शहर में कई घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं और इसका इस्तेमाल भी नहीं रुक रहा। इसी को देखते हुए महाकाल पुलिस ने तोपखाना स्थित कई दुकानों पर सर्चिंग की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकानों पर पहुंचकर मांझे को हाथ से तोड़कर देखा कि वह चायनीज मांझा तो नहीं। इस दौरान दुकानदारों को समझाइश भी दी। टीआई गगन बादल ने बताया कि चायना डोर को लेकर लगातार समझाइश दे रहे हैं। इसे बेचने और खरीदने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रहे हैं। इस दौरान एएसआई चंद्रभानसिंह चौहान सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Advertisement

बच्चों को बताए दुष्परिणाम
सर्चिंग के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के बच्चों को भी चायना डोर से पतंग नहीं उड़ाने की समझाइश दी। इस दौरान हाथों में बैनर पकड़कर बच्चे इस अभियान का हिस्सा भी बने। उन्होंने कहा कि चायना डोर से पतंग उड़ाने वालों की सूचना वह पुलिस को देंगे।

पिछले दिनों निकाला था जुलूस
5 जनवरी को महाकाल पुलिस ने बेगमपुरा से तीन युवकों को चायना डोर बेचते पकड़ा था। इसमें से दो नाबालिग थे, जबकि तीसरे का नाम सैफ पिता सादिक अली (19) निवासी बेगमपुरा था। इनके पास से 8 हजार रुपए के चायना डोर के २५ गट्टे जब्त किए गए थ। पुलिस ने आरोपी सैफ का जुलूस भी निकाला था।

Advertisement

बाफना पार्क से चायना डोर से पतंग उड़ाते चार पकड़ाए
चिमनगंज मंडी पुलिस ने बाफना पार्क मैदान से पतंग उड़ाते सोमवार को नाबालिग सहित चार युवकों को पकड़ा। इनके पास से चायना डोर के दो रोल जब्त किए गए। पकड़े गए युवक का नाम हर्ष पिता संजय जायसवाल (20) निवासी इंद्रानगर, उसके दो अन्य साथी और वर्धमान नगर का रहने वाला 17 वर्षीय नाबालिग है। बता दें कि इससे पहले चिमनगंज मंडी पुलिस ने ही तिरुपति एवेन्यू गार्डन के पास से चित्रांश पिता इंद्रकुमार सक्सेना निवासी तिरुपति एवेन्यू और ईशान पिता बसंतीलाल शर्मा (28) निवासी गली नं. 3, मोहननगर भी चायना डोर से पतंग उड़ाते पकड़ा था। दोनों के पास से चायनीज मांझे के एक-एक रोल जब्त किए गए थे।

Related Articles

Write a review