जिला खेल अधिकारी को नोटिस, सीडीपीओ की होगी जांच

टीएल मीटिंग में कलेक्टर ने कसी अफसरों की नकेल, हेलमेट पहनने के निर्देश दिए
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सोमवार को समयावधि पत्रों (टीएल) की समीक्षा बैठक में कड़े तेवर दिखाए। कलेक्टर ने जिला खेल अधिकारी को कार्य में लापरवाही पर नोटिस जारी करने और तराना में पदस्थ महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ के विरुद्ध लगातार शिकायतों के चलते विभागीय जांच शुरू करने के निर्देश दिए।
साथ ही सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों को अटैंड नहीं करने वाले अधिकारियों का वेतन काटने के भी आदेश दिए। कलेक्टर ने आम लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिए कि संबल योजना में सहायता राशि की स्वीकृति के लिए 7 कार्य दिवस में ईपीएफओ जारी हो। सभी नगरीय निकाय और जनपद सीईओ 7 कार्य दिवस में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर दें। सभी शासकीय कर्मचारियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाना जरूरी होगा।
श्री महाकाल महोत्सव और मौनी अमावस्या पर चर्चा बैठक में बताया कि 14 से 18 जनवरी तक श्री महाकाल महोत्सव आयोजित किया जाएगा जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शामिल होना प्रस्तावित है। इसके लिए सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी प्रमुखता से निभाएं। इसके साथ ही मकर संक्रांति और मौनी अमावस्या स्नान के लिए श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए। टंकियों की सफाई व जल सुनवाई अभियान के लिए तैयार रहें।
कलेक्टर ने कहा जिलेभर मेें जलस्रोतों और टंकियों की सफाई की जाए। पेयजल समस्याओं के लिए अब जल सुनवाई होगी और गतिविधियों को अमृत रेखा एप पर अपलोड करना होगा। उन्होंने बताया 12 जनवरी से 15 फरवरी तक अभियान का प्रथम चरण शुरू हुआ है। इसमें दल गठित कर घर-घर जाकर हितग्राहियों से आवेदन लेंगे। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कुमट सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार और जिला स्तर के अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर ने रेप्टाइल पार्क और माधव साइंस कॉलेज ऑडिटोरियम का किया निरीक्षण
उज्जैन। माधव साइंस कॉलेज परिसर में बन रहा ऑडिटोरियम फरवरी तक पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी स्मार्ट सिटी के अधिकारियों ने सोमवार को कलेक्टर रौशनकुमार सिंह को दी। अधिकारियों ने बताया ऑडिटोरियम के मुख्य स्ट्रक्चर का निर्माण काम पूरा हो चुका है। वर्तमान में एसी डक्ट और फॉल्स सीलिंग का काम चल रहा है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि फिनिशिंग के शेष कार्यों को गति देते हुए फरवरी के अंत तक ऑडिटोरियम को हर हाल में पूरा किया जाए। कलेक्टर सोमवार को विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकले थे। उन्होंने स्मार्ट सिटी और पीआईयू के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
रेप्टाइल पार्क में तेजी लाएं
कलेक्टर सबसे पहले रेप्टाइल पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने प्रगतिरत् कामों का जायजा लिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी सीईओ संदीप शिवा को निर्देशित किया कि काम की गति बढ़ाएं। इसके बाद उन्होंने माधव साइंस कॉलेज परिसर में बन रहे अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, पीआईयू की ईई नताशा सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









