अनुकरणीय : बर्थडे पर श्रमिक बस्तियों के बच्चें को करवाया हवाई सफर

आसमान में उड़ता प्लेन देख खुश होते बच्चें का सपना हेलिकॉप्टर से उज्जैन घुमाकर पूरा किया

हरिओम राय उज्जैन। शहर के एक समाजसेवी ट्रेवल्स व्यापारी ने अपना जन्मदिन अनूठे अंदाज में मनाया। उन्होंने श्रमिक बस्ती के बच्चों को न सिर्फ कपड़े-मिठाइयां दीं बल्कि उन्हें हेलिकॉप्टर से उज्जैन दर्शन भी करवाया। हेलिकॉप्टर में घूमने के बाद बच्चे जब नीचे उतरे तो खुशी के मारे उनके पैर जमीन पर नहीं पड़ रहे थे।
11 जनवरी को शहर के ट्रेवल्स व्यवसायी राजेश सिंह भदौरिया बंटी (बाबा बाल हनुमान ट्रेवल्स) का जन्मदिन था। हमेशा परोपकार की भावना के साथ जन्मदिन बनाने वाले बंटी भदौरिया ने इस बार इस्कॉन मंदिर के पीछे बस्ती में रहने वाले श्रमिक परिवार के ११ बच्चों को हेलिकॉप्टर से उज्जैन घुमाया। मप्र सरकार की हेली सेवा के तहत उपलब्ध हेलिकॉप्टर में दो राउंड में बच्चों को उज्जैन की सैर करवाई। उन्हें कपड़े व मिठाइयां भी दीं।
बच्चें को देखकर आया विचार
इस बारे में बंटी भदौरिया बताते हैं कि इस्कॉन मंदिर जाते वक्त उन्होंने कई बार देखा कि आसमान में उड़ते हेलिकॉप्टर को बस्ती के बच्चे काफी उत्सुकता और कौतुहल से देखते थे। हेली सेवा का हेलिकॉप्टर नागझिरी पुलिस लाइन से उड़ता है और बस्ती पर काफी नीचे रहता है। इतनी पास से उड़ते हेलिकॉप्टर को देखकर बच्चे अक्सर नाचते और खुश मनाते थे। यह सब देखकर ही उन्होंने तय किया कि इन बच्चों को हेलिकॉप्टर मेें सैर करवाएंगे। जन्मदिन के दिन हेलिकॉप्टर में घूमने के बाद बच्चों की खुशी की ठिकाना नहीं था। उनके चेहरे की मुस्कान देख मुझे भी सार्थक जन्मदिन की खुशियां मिली।









