ढाबा रोड पर खुद मोर्चा संभाल रहे भवन स्वामी

निगम आयुक्त ने व्यापारियों की सुविधा के लिए जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। ढाबा रोड पर चल रहे चौड़ीकरण काम में रहवासी खुद ही अपने घर-दुकान को तोड़ रहे हैं और प्रशासन को सहयोग कर रहे हैं। रविवार को यहां पहुंचे निगम आयुक्त ने भी अपनी टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशासन का सहयोग कर रहे लोगों को परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाए। नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने रविवार को अवकाश के दिन भी शहर की विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए मैदानी मोर्चा संभाला। उन्होंने निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ कंठाल चौराहा से सतीगेट तक शुरू हुए सीवर लाइन निर्माण और छत्री चौक पानी की टंकी से ढाबा रोड तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ-साथ समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी।
व्यापारियों और नागरिकों की सुविधा पहली प्राथमिकता
आयुक्त ने कंठाल से सतीगेट के बीच चल रहे सीवर कार्य को देख और कहा कि यह शहर का मुख्य व्यावसायिक केंद्र है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहाँ कार्य की गति इस तरह रखी जाए कि व्यापारियों और आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो। साथ ही, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी कार्य की प्रगति से लगातार अवगत कराया जाए ताकि योजना में पारदर्शिता और समन्वय बना रहे।
चौड़ीकरण में सहयोग कर रहे नागरिकों की सराहना
इसके बाद आयुक्त छत्री चौक से ढाबा रोड पहुंचे, जहाँ मार्ग चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। यहाँ कई भवन स्वामी स्वेच्छा से अपने चिन्हित मकानों को हटाकर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम के अधिकारी और ठेकेदार अपने संसाधनों के साथ मौके पर मुस्तैद रहें और जहाँ भी तोडफ़ोड़ में तकनीकी सहयोग की आवश्यकता हो, वहां नागरिकों की मदद करें।
सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से की जाए ताकि राहगीरों को कोई खतरा न हो। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि निर्माण या तोडफ़ोड़ के तुरंत बाद मौके से मलबा उठाया जाए और नालियों की सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे क्षेत्र में गंदगी न फैले और नागरिकों का आवागमन सुगम बना रहे। इस निरीक्षण के दौरान अधीक्षण यंत्री संतोष गुप्ता, कार्यपालन यंत्री लक्ष्मण प्रसाद साहू, सहायक आयुक्त प्रदीप सेन सहित अन्य उपयंत्री एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
निगम आयुक्त ने दिए निर्देश
व्यापारियों और आम नागरिकों को आवाजाही में कम से कम असुविधा हो।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को कार्य की प्रगति और योजना से अवगत कराएं।
निगम अधिकारी और ठेकेदार मौके पर रहें, जहाँ आवश्यकता हो तोडफ़ोड़ में भवन स्वामियों की मदद करें।
कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से बैरिकेडिंग की जाए ताकि कोई दुर्घटना न हो।
कार्य समाप्त होते ही तत्काल मलवा हटाएं।
नालियों की सफाई नियमित रूप से हो।









