टीम इंडिया तीसरी बार टी20 चैंपियन , फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया

अहमदाबाद, एजेंसी। हम करोड़ों भारतीयों का दिल तोडऩे को तैयार हैं… एक दिन पहले न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने यही कहा था। पर अगले दिन रविवार को दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में खुद न्यूजीलैंड की टीम को मुंह की खानी पड़ी। सूर्यकुमार की सेना ने अपनी सबसे बड़ी जीत के साथ कीवियों को बुरी तरह से पटखनी देकर उसका गुरूर चूर-चूर कर दिया। अभिषेक, संजू और ईशान की तूफानी अर्धशतकीय पारियों खेलते हुए चौके-छक्कों के साथ रनों की बरसात कर दी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस तिकड़ी के दम पर भारतीय टीम ने पांच विकेट पर 255 रन बनाकर फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया। उसके बाद न्यूजीलैंड को एक ओवर शेष रहते 159 रन पर ढेर 96 रन की बड़ी जीत के साथ लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया। विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए। साइफर्ट (52), सेंटनर (43) और डेरिल (17) को छोड़कर न्यूजीलैंड को कोई बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंचा। प्लेयर ऑफ द मैच रहे बुमराह ने एक बार फिर चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट चटकाते हुए साबित कर दिया कि वह दुनिया के नंबर एक तेज गेंदबाज क्यों हैं।
पहली बार तीन अर्धशतक
पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझने वाले अभिषेक ने 52, सैमसन ने 89 और ईशान ने 54 रन की तूफानी पारियां खेली। विश्व कप के नॉकआउट में पहली बार शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। संजू ने अभिषेक के साथ पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई।
दूसरी शतकीय साझेदारी संजू ने ईशान के साथ दूसरे
विकेट के लिए 48 गेंदों 105 रन जोड़े। टूर्नामेंट के इतिहास में
यह फाइनल में किसी भी विकेट के लिए दूसरी शतकीय साझेदारी है। इससे पहले इंग्लैंड के क्रेग कीस्वेटर और केविन पीटरसन ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए 111 रन जोड़े थे।
संजू ने भरा रोमांच
संजू ने छक्के से खाता खोला। उन्होंने लांग आन, लांग ऑफ और स्क्वेयर लेग के ऊपर से कुल आठ छक्के लगाकर खचाखच भरे स्टेडियम में बैठे दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उन्होंने रचिन, फर्ग्यूसन और हेनरी की जमकर धुनाई करके मैदान के चारों ओर से रन बटोरे। भारतीय पारी में कुल 18 छक्के और 19 चौके लगाए।
पावरप्ले में बनाया रिकॉर्ड स्कोर
आलोचकों के निशाने पर रहने वाले अभिषेक ने अपनी प्रतिभा के दर्शन कराते हुए न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। उन्होंने वह पारी खेल ही दी जिसकी दरकार दी। उन्होंने डफी की गेंद पर पांच चौके जड़े। भारत ने पावरप्ले 92 रन बनाए। यह विश्व कप के इतिहास का शुरुआती छह ओवर में संयुक्त सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ एक विकेट पर इतने ही रन बनाए थे। वहीं भारत का यह पावरप्ले का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है।
पिच को भांपने में सेंटनर की चूक
न्यूजीलैंड के कप्तान सेंटनर से पिच को भांपने में गलती हुई। वह टीम चयन में भी चूक गए। उन्होंने ऑफ स्पिनर कोल को नहीं चुना जिन्होंने सेमीफाइनल में डिकॉक को आउट किया था। उनकी जगह शामिल किए गए डफी ने 42 रन लुटाए।









