शांतिस्वरूपानंद जी को रेप के आरोप में फंसाने की साजिश, दो पर एफआईआर

उज्जैन। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंद गिरी को रेप के आरोप में फंसाने के मामले में महाकाल पुलिस ने मंदाकिनी पुरी और पत्रकार घनश्याम पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। महिला के कोर्ट में 164 में बयान भी दर्ज हो गए हैं। बीएनएस की 6 धाराओं में दर्ज प्रकरण में दोनों को 7 से लेकर आजीवन कारावास हो सकता है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बनारस के इंदिरानगर स्थित समरीन स्कूल के पास की रहने वाली 48 साल की रीता पति सुधीर मिश्रा की शिकायत पर यह मुकदमा दर्ज हुआ है। मिश्रा के मुताबिक वह बनारस के नैतिक हॉस्पिटल में सफाईकर्मी है। कुछ समय पहले वह उज्जैन दर्शन और शिप्रा परिक्रमा पर आई थी। इस दौरान उसकी मुलाकात गढक़ालिका के पास रहने वाली मंदाकिनी पुरी, पत्रकार घनश्याम पटेल, शांतिस्वरूपानंद और अन्य संतों से हुई थी। वह चारधाम मंदिर के पास किराए का मकान लेकर रहती थी। इसी दौरान वह चारधाम मंदिर में दर्शन करने भी जाती थी। इसी दौरान मंदाकिनी पुरी के आश्रम में भी वह एक सप्ताह ठहरी थी।
महामंडलेश्वर पद से हटाने की कोशिश
रीता मिश्रा के मुताबिक इसी दौरान मंदाकिनी पुरी और घनश्याम पटेल ने उसे शांतिस्वरूपानंद जी के खिलाफ झूठी रिपोर्ट लिखाने के लिए तैयार किया। इनका कहना था कि रेप की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद शांतिस्वरूपानंद जी महामंडलेश्वर पद से हट जाएंगे तो हम अपने किसी व्यक्ति को महामंडलेश्वर बनवा देंगे। झूठी रिपोर्ट के लिए ५० हजार रुपए देने का ऑफर भी दिया। मिश्रा के मुताबिक इसके बाद वह बनारस चली गई। तभी से दोनों फोन लगाकर उस पर उज्जैन आने और रिपोर्ट दर्ज कराने का दबाव बना रहे हैं।
27 फरवरी को दी जान से मारने की धमकी
रीता मिश्रा के मुताबिक 27 फरवरी को घनश्याम पटेल बनारस पहुंचा और उसे गोदालिया में बुलाया। उसने फिर धमकी दी कि अगर तुम शांतिस्वरूपानंद के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराओगी तो जान से मार देंगे।
इन धाराओं में प्रकरण दर्ज
बीएनएस ४९- अपराध के लिए उकसाना
बीएनएस ६१(२)- दो या दो से अधिक लोगों द्वारा मिलकर गैरकानूनी काम की साजिश।
बीएनएस २३२(१)- झूठी गवाही के लिए उकसाना
बीएनएस २३५(3) – गंभीर अपराध करने के लिए धमकी देना
बीएनएस २९६ (बी) – सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौच करना
बीएनएस ३(5)- सामूहिक रूप से अपराध की योजना बनाना
अपराध दर्ज कर लिया है…
शांतिस्वरूपानंद जी को रेप के आरोप में फंसाने की साजिश रचने के मामले में मंदाकिनीपुरी और घनश्याम पटेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। फरियादी के धारा 164के तहत कोर्ट में बयान भी हो चुके हैं। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रदीप शर्मा, एसपी
सनातन को बदनाम करने का षड्यंत्र
सनातन को बदनाम करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। भगवान महाकाल ऐसे लोगों को सद्बुद्धि प्रदान करें। ऐसे समय में सतर्क रहना जरूरी है। इस मामले में भी महाकाल ने ही मदद की, नहीं तो दाग लग जाता।
शांतिस्वरूपानंदजी महामंडलेश्वर
निरंजनी अखाड़ा
बेटे के मोबाइल पर रुपए डाले और टिकट भी भेजा
मिश्रा के मुताबिक घनश्याम पटेल ने उसके बेटे सूरज के मोबाइल पर 2 हजार रुपए और बनारस से उज्जैन तक का बस टिकट भेजा। संजय ट्रेवल्स की बस से सफर कर वह रविवार को उज्जैन पहुंची तो पटेल ने फोन कर मेरे ठहरने का ठिकाना पूछा। मैं दत्त अखाड़ा में ठहरी थी। पटेल यहां पहुंच गया और फिर से रिपोर्ट का दबाव बनाया। जब मैंने झूठी रिपोर्ट कराने से इनकार किया तो उसने गालियां दी। मौके पर मौजूद महंत आनंदपुरी जी, लोकेश शर्मा और संजय गोस्वामी ने मुझे रिपोर्ट करने को कहा।
कुछ लोग महिला का वीडियो बना रहे थे, भागे तो पकड़ा
रंगपंचमी पर दत्त अखाड़ा के पास कुछ लोग महिला का जबरन वीडियो बना रहे थे। इनके बीच बहस हो रही थी, जब मौके पर पहुंचा तो वीडियो बनाने वाले भाग गए। महिला रुक गई। उसने बताया कि यह लोग महामंडलेश्वर शांतिस्वरूपानंदजी द्वारा रेप करने का कहलवा रहे थे, ताकि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा सके। इस बात की जानकारी एसपी प्रदीप शर्मा को दी। उनके आदेश पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
महंत आनंद पुरी जी दत्त अखाड़ा
कॉन्फ्रेंस के लिए बुलाया झूठा आरोप लगाया
महिला ने दत्त अखाड़ा क्षेत्र में प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए बुलाया था। उसके बयान लेने गए थे, उसने शोर मचाकर लोगों को बुला लिया और बंधक बना लिया। हमसे एक्सटार्शन मनी की मांग की। पुलिस को हमने आवेदन दिया लेकिन हमारी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। यह अंधेरगर्दी है।
घनश्याम पटेल
पत्रकार









